Successful treatment of two complex cases of severe bile duct injury at the Department of Gastro Surgery-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पित्त की नली में गंभीर चोट के दो जटिल मामलों का गीतांजलि हॉस्पिटल उदयपुर के गैस्ट्रो सर्जरी विभाग में सफल उपचार

khaskhabar.com: गुरुवार, 12 नवम्बर 2026 10:10 PM (IST)
पित्त की नली में गंभीर चोट के दो जटिल मामलों का गीतांजलि हॉस्पिटल उदयपुर के गैस्ट्रो सर्जरी विभाग में सफल उपचार
गैस्ट्रो सर्जनडॉ. हेमंत जैन ने की जटिल रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी, दोनों मरीज स्वस्थ; गॉलब्लैडर की पथरी का समय पर उपचार कराने की अपील उदयपुर। गॉलब्लैडर (पित्ताशय) की पथरी का ऑपरेशन सामान्यतः दूरबीन विधि से किया जाता है, लेकिन कुछ जटिल मामलों में सर्जरी के दौरान पित्त की मुख्य नली (बाइल डक्ट) में चोट लगने जैसी गंभीर जटिलता सामने आ सकती है। ऐसी स्थिति में मरीज के स्वास्थ्य के लिए बड़ी चुनौती उत्पन्न हो सकती है। गीतांजलि हॉस्पिटल उदयपुर के गैस्ट्रो सर्जरी विभाग में हाल ही में ऐसे दो जटिल मामलों का सफल उपचार किया गया है। दोनों मरीजों की जटिल सर्जरी के बाद अब उनकी स्थिति संतोषजनक है और वे स्वस्थ हैं। गीतांजलि हॉस्पिटल के सीनियर गैस्ट्रो, लिवर एवं HPB सर्जन डॉ. हेमंत जैन ने बताया कि दोनों मरीजों की पूर्व में अन्य अस्पतालों में लैप्रोस्कोपिक गॉलब्लैडर सर्जरी हुई थी। सर्जरी के बाद पित्त की मुख्य नली में चोट के कारण बाइल डक्ट इंजरी और पेट में पित्त का रिसाव (बाइल लीक) जैसी गंभीर समस्याएं सामने आईं। इसके बाद दोनों मरीजों को विशेषज्ञ उपचार एवं जटिल सर्जरी के लिए गीतांजलि हॉस्पिटल रेफर किया गया।
क्या है बाइल डक्ट इंजरी और कितनी गंभीर है यह समस्या?

डॉ. हेमंत जैन ने बताया कि लिवर में बनने वाला पित्त बाइल डक्ट यानी पित्त की नलियों के माध्यम से आंत तक पहुंचता है। गॉलब्लैडर की सर्जरी के दौरान कुछ चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पित्त की मुख्य नली को नुकसान पहुंच सकता है। इसे बाइल डक्ट इंजरी कहा जाता है। इस जटिलता के कारण पेट में पित्त का रिसाव, पीलिया, संक्रमण और पित्त के प्रवाह में रुकावट जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
विशेष रूप से लंबे समय से गॉलब्लैडर में पथरी, बार-बार संक्रमण, गंभीर सूजन और आसपास के अंगों से चिपकाव होने पर सर्जरी तकनीकी रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकती है। ऐसी परिस्थितियों में सामान्य शारीरिक संरचना पहचानना मुश्किल हो जाता है और विशेषज्ञ सर्जिकल अनुभव की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
जटिल रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी से दोबारा स्थापित किया पित्त का प्रवाह

डॉ. हेमंत जैन ने बताया कि बाइल डक्ट इंजरी के प्रत्येक मरीज का उपचार चोट की जगह, उसकी गंभीरता और मरीज की शारीरिक स्थिति के अनुसार तय किया जाता है। कई मामलों में पित्त की नली का पुनर्निर्माण यानी बाइलरी रिकंस्ट्रक्शन करना पड़ता है।
दोनों मरीजों में विस्तृत जांच और मूल्यांकन के बाद जटिल रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी की गई। इन जटिल ऑपरेशनों में एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. अनुश जैन एवं उनकी टीम का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। इस सर्जरी का मुख्य उद्देश्य पित्त के प्रवाह को दोबारा सामान्य रूप से आंत तक पहुंचाना और भविष्य में होने वाली जटिलताओं को रोकना था। सर्जरी के बाद दोनों मरीजों में अच्छा सुधार हुआ और वर्तमान में दोनों स्वस्थ हैं।
गॉलब्लैडर की पथरी को नजरअंदाज न करें, समय पर कराएं उपचार

डॉ. हेमंत जैन ने बताया कि आमतौर पर लोग गॉलब्लैडर की पथरी को छोटी समस्या समझकर लंबे समय तक टालते रहते हैं। बार-बार दर्द, संक्रमण और सूजन के कारण गॉलब्लैडर की स्थिति जटिल हो सकती है, जिससे सर्जरी भी अधिक चुनौतीपूर्ण बन जाती है। इसलिए पथरी की समस्या होने पर समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेना और उचित उपचार करवाना जरूरी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बाइल डक्ट इंजरी एक ज्ञात सर्जिकल जटिलता है, जो विशेष रूप से कठिन और गंभीर सूजन वाले मामलों में हो सकती है। ऐसी स्थिति में मरीज को घबराने के बजाय समय पर विशेषज्ञ गैस्ट्रो एवं लिवर सर्जन से परामर्श लेना चाहिए।
गीतांजलि हॉस्पिटल उदयपुर के गैस्ट्रो सर्जरी विभाग में डॉ. हेमंत जैन के नेतृत्व में गॉलब्लैडर, बाइल डक्ट, लिवर, पैंक्रियाज एवं अन्य जटिल पेट संबंधी बीमारियों का आधुनिक तकनीकों से उपचार किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement