हनुमानगढ़। सालासर पैदल यात्रियों में शामिल एक किशोर की रास्ते में सांप के काट लेने से मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामला रावतसर पुलिस थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार टिब्बी के गांव खाराखेड़ा निवासी फौजी सिंह पुत्र कृष्ण बावरी गत दिवस गांव के कुछ लोगों के साथ सालासर के लिए पैदल रवाना हुआ। बताया जा रहा है कि रात्रि को किसी समय वह अपने साथी यात्रियों से बिछड़ गया। सुबह वह रावतसर बस स्टैंड के पास मृत मिला। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर सहायक उप निरीक्षक रामेश्वरलाल मय पुलिस टीम पहुंचे तथा शव को कब्जे में ले राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। सूचना मिलने पर दोपहर को परिजन रावतसर पहुंचे तो पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ कि किशोर की मौत पैर पर सांप के काटने से हुई है। इस संबंध में पुलिस ने 174 सीआरपीसी के तहत मर्ग दर्ज की है।