Road safety is everyones top priority, strict action will be taken against rule violation and negligence.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:15 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सड़क सुरक्षा सभी की सर्वोच्च प्राथमिकता, नियम उल्लंघन और लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

khaskhabar.com: सोमवार, 27 मई 2024 10:08 PM (IST)
सड़क सुरक्षा सभी की सर्वोच्च प्राथमिकता, नियम उल्लंघन और लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
- जून में शुरू होगा ऑटोमेटेड ड्राईविंग ट्रैक - जिला सड़क सुरक्षा समिति की दसवीं बैठक हनुमानगढ़। जिला कलेक्टर काना राम ने कहा कि हमारे लिए लोगों के जीवन की रक्षा सर्वोपरि है। सड़क दुर्घटना में मौत विचलित करने वाली होती है। इससे पूरा परिवार बिखर जाता है और जिस दुःख और पीड़ा से वह गुजरता है उसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। इसलिए सड़क दुर्घटनाओं को रोकने का संकल्प लेकर हमें प्रतिबद्धता से कार्य करना होगा।
जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की 10वीं बैठक हुई। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर संवेदनशील है। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करें और लक्ष्य बनाकर दुर्घटनाओं को रोकने का प्रयास करें। पूर्ण सजगता और जवाबदेही से कार्य करें।
— लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जिले में सड़क सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित कराएं। उल्लंघन और लापरवाही करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करें, जिससे दुर्घटनाओं को न्यूनतम स्तर पर लाया जा सके। उन्होंने कहा कि ओवरलोड, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट एक भी वाहन नहीं चलना चाहिए। नगर परिषद आवारा पशुओं को गौशाला में छोड़े। अवांछित झाड़ियों और पेड़ पौधे की छटाई-कटाई कराएं। जिले में अनाधिकृत कट तुरंत बंद कराएं। सड़कों पर अवशेष कन्ट्रक्शन मैटेरियल को हटाकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करें। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों को हिदायत दी कि किसी भी दुर्घटना में आपकी लापरवाही सामने आई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
— ओवरलोड नहीं चलें बाल वाहिनियां
जिला कलेक्टर ने विद्यालयों में नया सत्र शुरू होने से पूर्व ही बाल वाहिनियां और उनके वाहन चालकों के स्वास्थ्य की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में एक भी बाल वाहिनी ओवरलोड और ओवरस्पीड से नहीं चलें। सभी वाहिनियों पर चालक का नाम, सम्पर्क नंबर अंकित होने चाहिए।

— भले मददगारों को करें सम्मानित

जिला कलेक्टर ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर जीवन बचाने वाले भले मददगारों को सम्मानित किया जाए। उन्हें प्रमाण पत्र और प्रोत्साहन राशि भेंट करें, ताकि अधिकाधिक आमजन इस अमूल्य मदद में जुड़ सके।

— सामुदायिक जागरूकता अभियान चलाएं

जिला कलेक्टर ने कहा कि वाहन की तेज रफ्तार से दुर्घटनाएं बढ़ी हैं। ऐसे में पुलिस और जिला परिवहन कार्यालय सहित अन्य संबंधित विभाग सड़क सुरक्षा पर जागरूकता अभियान चलाएं। स्वयंसेवी संगठनों, आमजन और विशेषज्ञों के सहयोग से गतिविधियां कराएं। विद्यालयों में बच्चों को जागरूक करें, ताकि वे अपने परिजनों को जानकारी दे सकें।
— जिला कलेक्टर की अपील
जिला कलेक्टर ने आमजन से अपील की है कि आपका जीवन बहुमूल्य है। इसलिए वाहन चलाते समय सड़क सुरक्षा सम्बंधित नियमों की शत—प्रतिशत पालना करें। सड़क दुर्घटनाओं में अकाल मृत्यु के शिकार दुपहिया वाहन चालक अधिक होते हैं। यदि हेलमेट पहनें तो दुर्घटना के असर को काफी कम किया जा सकता है। पशुओं को सड़क किनारे चारे नहीं डाले।
— ऑटोमेटेड ट्रैक पर होगा टेस्ट
जिला परिवहन अधिकारी संजीव चौधरी ने बताया कि ऑटोमेटेड ड्राईविंग ट्रैक पर कैमरे इंस्टाॅल हो गए है। अभी टेस्टिंग का कार्य चल रहा है। जून में वाहन चालकों का ड्राईविंग टेस्ट ट्रैक पर ही लिया जाएगा।
बैठक में समिति सदस्य सचिव शीशपाल सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीलम चौधरी सहित समिति के सदस्य और सम्बंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement