khaskhabar.com: शनिवार, 25 मार्च 2017 6:51 PM (IST)
चंबा। जिला मुख्यालय से किलाड के लिए प्रस्तावित हवाई उडान में कम सवारियां बिठाने को लेकर लोगों ने हंगामा कर दिया। लोगों के विरोध के चलते दोपहर बाद हैलिकाॅप्टर बिना सवारियों के खाली वापस किलाड लौट गया। मामले की नाजुकता को भांपते हुए एसी टू डीसी चंबा शिवदेव सिंह ने स्वयं हेलिपैड पर पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत किया, मगर लोग सवारियों की तादाद बढ़ाने की मांग पर अडे़ रहे। शुक्रवार को भुंतर-धरवास- चंबा किलाड़-चंबा का शेड्यूल तय था, मगर हेलिकाप्टर ने भुंतर से धरवास की बजाय किलाड़ के लिए उड़ान भरी। किलाड़ से 13 सवारियों को लेकर किलाड ने चंबा हेलिपैड पर लैंड किया। जहां किलाड के पायलट व स्टाफ ने तापमान में बढ़ोतरी का हवाला देते हुए केवल सात सवारियों को लेकर उड़ान भरने की बात कही।
किलाड स्टाफ की यह बात सुनते ही हेलिपैड पर मौजूद सवारियों ने हल्ला बोल दिया। लोगों ने मांग रखी कि जितनी सवारियां किलाड़ से चंबा लाई गई हैं, उतनी ही वापस भेजी जाएं। लोगों के विरोध को देखते हुए हेलिपैड पर मौजूद डीसी आफिस स्टाफ ने जानकारी आला अधिकारियों को दी। एसी टू डीसी शिवदेव सिंह ने हेलिपैड पहुंचकर लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक मामला न सुलझने पर किलाड किलाड़ के लिए बिना सवारियों के ही रवाना हो गया।