प्रतापगढ़। जिले के कई क्षेत्रों में कडक़ड़ाती बिजली के साथ झमाझम बारिश हुई है। इससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। जिले में इन दिनों फसल कटाई का काम जोरों से चल रहा है। इसी बीच मौसम ने करवट बदली और जिले में मूसलाधार बारिश हो गई। इससे फसलों में नुकसान हो रहा है। सालभर की मेहनत को इस बारिश ने चौपट कर दिया है, जिससे इन दिनों किसान खून के आंसू रो रहा है। इस वर्ष अनुपात से ज्यादा बारिश होने से फसल चौपट हो गई थी। खेतों में पानी भरने से फसल गल गई थी। ऊपर से अब बारिश होने से बची हुई फसलें भी बर्बाद हो रही हैं। जिले के खेरोट में 20 मिनट तक मूसलाधार बारिश हुई है। वही मोहेड़ा, अरनोद, सालमगढ़, बरखेड़ी सहित सैकड़ों गांवों में जोरदार बारिश हुई है। इससे फसलें खराब होने की कगार पर हैं। किसानों ने फसल खराबे का सर्वे करवाकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।