Private Bus Accident in Sundernagars Bhavana: 16 Injured, Three in Serious Condition-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 15, 2026 3:47 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सुंदरनगर के भवाणा में निजी बस हादसा, 16 यात्री घायल, तीन की हालत गंभीर

khaskhabar.com: मंगलवार, 07 जुलाई 2026 3:27 PM (IST)
सुंदरनगर के भवाणा में निजी बस हादसा, 16 यात्री घायल, तीन की हालत गंभीर
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के भवाणा क्षेत्र में बिलासपुर-मंडी मार्ग पर एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। हादसे में चालक और परिचालक समेत बस में सवार 16 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों, पुलिस और प्रशासन की मदद से तुरंत सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, निजी बस बिलासपुर से सुंदरनगर की ओर आ रही थी। भवाणा पुल के समीप अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे बस सड़क से नीचे पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। बस हादसे में आशा देवी, चिंता देवी और देवकु देवी को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में सभी का उपचार जारी है।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों और प्रशासन से उपचार एवं राहत कार्यों की जानकारी ली। पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने भी दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
घायलों में आशा देवी, कांतो देवी, मनभरू देवी, जया, बबिता यादव, चिंता देवी, देवकु देवी, रोडी देवी, रचना देवी, रक्षा देवी, सुरेंद्रा, मुस्कान, रेखा देवी, माया देवी, चमलाल तथा बस परिचालक हमेंद्र कुमार शामिल हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement