जयपुर। भारतीय मजदूर संघ से सम्बद्ध राजस्थान जलदाय कर्मचारी महासंघ ने
मांगे नहीं माने जाने पर 25 जून से पेयजल सप्लाई ठप करने की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को जलदाय कर्मचारियों की जोधपुर स्थित सारण नगर में हुई बैठक में
यह फैसला किया गया है।
प्रदेशाध्यक्ष रमेश सिंह चौहान ने बताया कि 5 मई को कलक्टर के माध्यम से
मुख्यमंत्री और जलदाय मंत्री के नाम 15 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन भेजा गया
था। लेकिन अब तक इस पर कोई सुनवाई नहीं हुई है। यदि हमारी मांगों पर ध्यान
नहीं दिया गया तो जलदाय विभाग के कर्मचारी 25 जून से पानी की सप्लाई रोक
देंगे।
बताया गया कि 15 जून तक सभी संभागों व जिला मुख्यालयों पर धरना, प्रदर्शन व
रैलियां निकाली जाएंगी। 15 जून को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी का
घेराव करने के बाद प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा जाएगा।