Operation Yamlakmali: A 2,500 km pursuit from Marwar to Malabar-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ऑपरेशन यमलकमली : मारवाड़ से मालाबार तक 2500 KM का पीछा, केरल की पहाड़ियों में 'कंबल वाला' बनकर छुपा तस्कर गिरफ्तार

khaskhabar.com: मंगलवार, 23 जून 2026 4:34 PM (IST)
ऑपरेशन यमलकमली : मारवाड़ से मालाबार तक 2500 KM का पीछा, केरल की पहाड़ियों में 'कंबल वाला' बनकर छुपा तस्कर गिरफ्तार
फिल्मी एक्शन : राजस्थान पुलिस की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने केरल में 'राजस्थानी कारीगर' बनकर बिछाया जाल. कमाल का बहरूपिया : अनपढ़ होने के बावजूद मलयालम, कन्नड़ और तेलुगु में धाराप्रवाह बात कर पुलिस को 7 साल से दे रहा था चकमा. बड़ी कामयाबी : तीन दिन में तीन बड़े इनामी अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है एएनटीएफ की टीम.
जयपुर/फलोदी। राजस्थान पुलिस की एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने "ऑपरेशन यमलकमली" के तहत एक बेहद शातिर और 7 साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी ड्रग तस्कर को केरल से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के दिशा-निर्देशन में चलाई गई इस मुहिम के तहत टीम ने 'गेटवे टू मारवाड़' से 'गेटवे टू मालाबार' (केरल) तक करीब 2500 किलोमीटर का सफर तय कर तस्कर को उसकी मांद में ही दबोच लिया.
गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी की पहचान रणजीत दायमा उर्फ रंजीत बंजारा (निवासी: नीमच, मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है, जो फलोदी पुलिस की ओर से वांटेड था.
खुद को मलयाली बताकर रह रहा था, प्रतिदिन 150 KM घूमकर बेचता था कंबल
एएनटीएफ के महानिरीक्षक (IG) विकास कुमार ने बताया कि आरोपी रणजीत वैसे तो पूरी तरह अनपढ़ है, लेकिन उसकी भाषाई पकड़ गजब की है. वह फरारी के दौरान केरल के शोरानुर जिले के वडकंचेरी कस्बे में पहचान छुपाकर रह रहा था. वहां वह स्थानीय भाषा 'मलयालम' इतनी धाराप्रवाह बोलता था कि आसपास के लोग उसे अपना ही भाई यानी मलयाली समझते थे.
वह पुलिस की नजरों से बचने के लिए मोटरसाइकिल पर कंबल रखकर बेचने का काम करता था और प्रतिदिन करीब 150 किलोमीटर का सफर तय करता था. वह जहां भी जाता, वहीं की भाषा (तेलुगु, कन्नड़ या मलयालम) में बात करता ताकि किसी को शक न हो.
'समधी' की गिरफ्तारी के बाद खुली पोल, दो हिस्सों में बंटा था धंधा
इस बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ तब हुआ जब दो दिन पहले ही एएनटीएफ ने "ऑपरेशन मदाविकाढ़त" चलाकर रणजीत के साझीदार और उसके समधी 'रमेश' को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया था. रमेश से जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो उसने रणजीत के केरल वाले ठिकाने और मोटरसाइकिल से कंबल बेचने वाले हुलिए का राज उगल दिया.
ये दोनों समधी पिछले 8 साल से अवैध मादक पदार्थों (डोडा चूरा) की तस्करी में पार्टनर थे. इन्होंने अपने काम को दो हिस्सों में बांट रखा था— ड्रग्स की बड़ी डील करने का काम रमेश का होता था, जबकि माल को गाड़ियों में भरवाना और उसे सुरक्षित ठिकाने तक पहुंचाने की जिम्मेदारी रणजीत संभालता था. इस काम के बदले रणजीत को ₹500 प्रति किलो के हिसाब से कमीशन मिलता था, जिससे वह एक-एक ट्रिप में ₹50,000 से लेकर 2 लाख रुपये तक की मोटी कमाई कर रहा था.
पहाड़ियों में पीछा: जब 'ग्राहक' बनकर पहुंची पुलिस
कंबल बेचने की सूचना मिलते ही एएनटीएफ की टीम तुरंत केरल के लिए रवाना हुई. वहां टीम 'राजस्थानी कारीगर' का रूप धरकर आरोपी के किराए के मकान के पास पहुंची. पड़ताल में पता चला कि रणजीत उस दिन करीब 100 किलोमीटर दूर 'नीलयांमती' की दुर्गम पहाड़ियों में बसे गांवों में कंबल बेचने गया है.
बिना समय गंवाए टीम पहाड़ियों पर पहुंची और एक बस्ती में एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर कंबल रखकर आवाज लगाते हुए देखा. पुलिसकर्मियों ने रणनीति के तहत उसे कंबल खरीदने के बहाने आवाज दी. भारी मात्रा में कंबल खरीदने का लालच देकर टीम उसे अपनी गाड़ी के पास ले आई जहां 'सेठ जी' के बैठने की बात कही गई थी. जैसे ही रणजीत गाड़ी के पास पहुंचा, टीम ने उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया.
"मुझे खुद नहीं पता मेरे खिलाफ कितने मुकदमे हैं"
पकड़े जाने के बाद तस्कर रणजीत बुरी तरह हक्का-बक्का रह गया. उसने पूछताछ में कबूला, "मुझे खुद नहीं पता कि मेरे ऊपर कहां-कहां मुकदमे दर्ज हैं. डोडा सप्लाई का माल तो मेरा हर तरफ (राजस्थान और मध्य प्रदेश के पूरे इलाके में) जाता है. मैं माल सप्लाई कर तुरंत केरल भाग आता था और कंबल बेचने लगता था." बता दें कि आरोपी पहले भी भीलवाड़ा जिले में डोडा चूरा तस्करी के मामले में दो बार जेल की हवा खा चुका है.
ट्रेन के जनरल डिब्बे में 2500 KM का सफर
गिरफ्तारी के बाद एएनटीएफ की टीम के सामने आरोपी को तुरंत राजस्थान लाने की चुनौती थी. टीम ने बिना रिजर्वेशन के ही ट्रेन के जरिए केरल से राजस्थान तक की 2500 किलोमीटर की लंबी और मुश्किल यात्रा तय की और आरोपी को सुरक्षित कोर्ट के सामने पेश करने के लिए ले आई. आईजी विकास कुमार ने इस जांबाज कार्रवाई में शामिल पूरी टीम को एएनटीएफ मुख्यालय में विशेष रूप से सम्मानित करने की घोषणा की है.
एएनटीएफ की जनता से अपील: नार्कोटिक्स टास्क फोर्स ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी नागरिक को ड्रग तस्करों या अपराधियों के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो वे तुरंत एएनटीएफ नियंत्रण कक्ष के नंबर: 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर: 9261225056 पर सूचना दे सकते हैं. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement