कुरूक्षेत्र। हलके में विकास कार्य अब तेजी से संपन्न कराए जाएंगे। साथ ही जिले में बढ़ रहे अपराधों पर लगाम भी कसी जाएगी। इसे लेकर शनिवार को स्थानीय विधायक सुभाष सुधा ने सामुदायिक केंद्र में जनसुनवाई की और लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया। इस दौरान सुधा ने कहा कि सेक्टर पांच में विकास कार्य तेजी से संपन्न कराए जा रहे हैं और तीस दिनों की मोहलत ठेकेदार को दे दी गई थी। इस दौरान पूरा सेक्टर चकाचक दिखने लगेगा। वही उन्होंने सात नवंबर को फिर से दरबार लगाने की बात भी कही। जनसुनवाई के दौरान चैन छीनने के एक मामले में विधायक ने थाना प्रभारी दिलीप सिंह को मौके पर ही बुलाया और लोगों से सीधी बात कराते हुए मामले में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। खुले दरबार के दौरान विधायक के सामने अधिकतर समस्याएं सेक्टर दो और पांच में खस्ता हालत, सफाई व्यवस्था, पानी निकासी और पेयजल के साथ आवारा पशुओं की आई। सुनवाई के दौरान विधायक ने पोलिथिन को लेकर कहा कि इसके लिए स्थानीय व्यापारियों ने दीवाली तक का समय मांगा है। इसके बाद उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।