Message of Water Conservation Resounds at Rewada Jaitmal Amrit Sarovar; Minister-in-Charge and Minister of Industries and Commerce Participate in Shramdan and Tree Plantation-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:40 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

रेवाड़ा जैतमाल अमृत सरोवर पर गूंजा जल संरक्षण का संदेश, प्रभारी मंत्री एवं उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने किया श्रमदान और पौधारोपण

khaskhabar.com: शुक्रवार, 29 मई 2026 8:16 PM (IST)
रेवाड़ा जैतमाल अमृत सरोवर पर गूंजा जल संरक्षण का संदेश, प्रभारी मंत्री एवं उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने किया श्रमदान और पौधारोपण
बालोतरा। पंचायत समिति बालोतरा की ग्राम पंचायत रैवाड़ा जैतमाल में शुक्रवार को “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के अंतर्गत श्रमदान एवं स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता निभाते हुए जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन का संकल्प लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रेरणा से आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत बिना एस्कॉर्ट सुविधा के सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचे, वहीं उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री के. के. विश्नोई अपनी इलेक्ट्रॉनिक गाड़ी से सभास्थल पहुंचे। जनप्रतिनिधियों के इस सादगीपूर्ण व्यवहार की ग्रामीणों ने सराहना की। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पीपल पूजन के साथ हुआ। प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री के.के. विश्नोई, सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल, पचपदरा विधायक डॉ अरुण चौधरी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष भरत मोदी ने विधिविधान से पूजन कर क्षेत्र में हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके पश्चात सभी जनप्रतिनिधियों ने रेवाड़ा जैतमाल अमृत सरोवर परिसर में पौधारोपण किया तथा श्रमदान कर आमजन को भी जल संरक्षण अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा गांवों के समग्र विकास की है, क्योंकि गांव विकसित होंगे तभी राजस्थान और देश विकसित होगा। उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा से विश्व पर्यावरण दिवस तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण, जल संग्रहण एवं जनजागृति लाना है। उन्होंने पारंपरिक जल स्रोतों जैसे तालाब, एनीकट, जोहड़ और कुओं को पुनर्जीवित करने पर बल देते हुए कहा कि “खेत का पानी खेत में, घर का पानी घर में और गांव का पानी गांव में” रोकने की व्यवस्था विकसित करनी होगी। उन्होंने कहा कि जल की बचत ही जल का उत्पादन है तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
मरुस्थलीय क्षेत्र में लगातार बढ़ते तापमान पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने अधिकाधिक वृक्षारोपण का आह्वान किया। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” एवं “हरियालो राजस्थान” अभियान का उल्लेख करते हुए प्रत्येक व्यक्ति से पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने की अपील की।
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री के.के. विश्नोई ने कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित कर जल आत्मनिर्भरता की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण से न केवल पेयजल संकट का समाधान होगा बल्कि भूजल स्तर में भी वृद्धि होगी। सरकार जनसहभागिता के माध्यम से जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दे रही है।
सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल ने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान जल स्रोतों के पुनर्जागरण का अभियान है तथा भारतीय संस्कृति में जल स्रोतों का विशेष महत्व रहा है। वहीं पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने कहा कि रेवाड़ा जैतमाल अमृत सरोवर कभी 40 गांवों की प्यास बुझाने का प्रमुख स्रोत था, लेकिन जल आवक कम होने और अवैध खनन के कारण इसकी स्थिति प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस तालाब को पुनर्जीवित कर क्षेत्र के विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित करने का कार्य कर रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष भरत मोदी ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और उनकी पूजा हमारी सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा रही है तथा समाज को इन्हें बचाने के लिए आगे आना होगा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement