Mega cleanliness drive in Rewari: A unique confluence of politics and cleanliness-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:26 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

रेवाड़ी में मेगा सफाई अभियान : राजनीति और स्वच्छता का अनूठा संगम

khaskhabar.com: सोमवार, 24 मार्च 2025 1:28 PM (IST)
रेवाड़ी में मेगा सफाई अभियान : राजनीति और स्वच्छता का अनूठा संगम
रेवाड़ी। स्वच्छता अभियान की आड़ में राजनीति, या राजनीति के बीच स्वच्छता अभियान? रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के नेतृत्व में चलाए गए "आई लव रेवाड़ी" महा सफाई अभियान में दोनों ही बातें देखने को मिलीं। रविवार को मॉडल टाउन में आयोजित इस सफाई कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए "गंदगी का भूत भगाने" का संकल्प लिया। लेकिन यह भूत किसका था—सड़कों पर जमी गंदगी का या राजनीतिक विरोधियों का? इस सफाई अभियान की खास बात यह रही कि इसका केंद्र बिंदु कैप्टन हाउस यानी कांग्रेस नेता कैप्टन अजय यादव का निवास रहा। यहां विधायक ने झाड़ू लगाकर प्रतीकात्मक सफाई की और विरोधियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी में पिछले 50 वर्षों से गंदगी जमी हुई है, जिसे साफ करना उनकी प्राथमिकता है। उनके इस बयान को कांग्रेस नेता कैप्टन अजय यादव और उनके बेटे पूर्व विधायक चिरंजीव राव पर सीधा हमला माना जा रहा है। यह 21वां सफाई कार्यक्रम था, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और स्कूली छात्र-छात्राएं शामिल हुए। विद्यार्थियों ने स्वच्छता जागरूकता रैली निकालकर शहरवासियों को सफाई का संदेश दिया। हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में उपस्थित लोगों को "स्वच्छ और सुंदर रेवाड़ी" बनाने की शपथ भी दिलाई गई।
इस दौरान विधायक लक्ष्मण यादव ने शहर के लिए भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की सराहना की और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा बजट में दी गई सौगातों का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकारों में रेवाड़ी के हाथ खाली रहते थे, लेकिन अब शहर को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
अभियान के तहत शहर के शिव चौक, महात्मा गांधी की प्रतिमा और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए गए। इसके साथ ही चार स्वच्छता जागरूकता ऑटो को रवाना किया गया, जो पूरे शहर में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे।
राजनीति में प्रतीकों का बड़ा महत्व होता है, और इस कार्यक्रम में भी यह साफ झलका। विरोधियों पर निशाना साधने के लिए झाड़ू और गंदगी जैसे प्रतीकों का इस्तेमाल किया गया। सवाल यह उठता है कि क्या यह अभियान वास्तव में स्वच्छता के लिए था या राजनीतिक बढ़त हासिल करने का एक मंच?
चाहे सफाई अभियान हो या राजनीतिक बयानबाजी, जनता को इसका लाभ मिलना चाहिए। रेवाड़ी को स्वच्छ और सुंदर बनाने की कोशिश सराहनीय है, लेकिन स्वच्छता अभियान को राजनीतिक हथियार बनाने की बजाय, इसे जन आंदोलन का रूप दिया जाए, तो इसका असर और अधिक दिखाई देगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement