Major Accident on Bharatmala Expressway : Uncontrolled Trailer Crashes into Divider-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा : अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया ट्रेलर, डीजल टैंक फटने से लगी आग, ग्रामीणों ने बचाई चालक की जान

khaskhabar.com: सोमवार, 01 जून 2026 1:51 PM (IST)
भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा : अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया ट्रेलर, डीजल टैंक फटने से लगी आग, ग्रामीणों ने बचाई चालक की जान
बालोतरा। बालोतरा जिले में भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर बिठुजा गांव के पास सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहाँ एक्सप्रेस-वे पर दौड़ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, वहीं पूरा ट्रेलर जलकर खाक हो गया। स्थानीय ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से चालक को समय रहते बचा लिया गया। जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे एक ट्रेलर जोधपुर से सांचौर की ओर जा रहा था। बिठुजा गांव के समीप पहुँचते ही ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार में एक्सप्रेस-वे के डिवाइडर पर लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का डीजल टैंक फट गया और उसमें पल भर में ही भीषण आग लग गई। कैबिन से आग की ऊंची लपटें उठती देख चालक शिवराज सिंह (निवासी बीकानेर) ने चलती गाड़ी से नीचे छलांग लगा दी। हालांकि, कूदने के कारण वह गंभीर रूप से चोटिल हो गया और हाईवे किनारे ही गिर पड़ा।
ट्रेलर को धूं-धूं कर जलता देख और चालक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों और गांव में मौजूद लोग तुरंत मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए घायल चालक शिवराज सिंह को संभाला और उसे अपने कंधों पर उठाकर सुरक्षित स्थान तक लाए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए अपनी निजी टैक्सी की मदद से घायल चालक को तुरंत बालोतरा के नाहटा जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलने पर पचपदरा थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुँचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा ट्रेलर जलकर लोहे का ढांचा बन चुका था। इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रेलर को एक्सप्रेस-वे के बीच से हटवाकर किनारे करवाया, जिससे करीब एक घंटे से बाधित चल रहा यातायात पुनः सुचारू हो सका। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि ग्रामीण समय पर मदद के लिए नहीं पहुँचते, तो चालक की जान को बड़ा खतरा हो सकता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement