हनुमानगढ़। टिब्बी क्षेत्र के मसीतांवाली हैड के पास इंदिरा गांधी नहर में एक युवक के कार सहित गिरने की आशंका में पुलिस ने गुरुवार को दूसरे दिन भी नहर में तलाशी अभियान जारी रखा। सिद्धमुख (चुरू) पुलिस थाना क्षेत्र से एक युवक के 22 सितंबर से कार सहित लापता होने के चलते सिद्धमुख पुलिस व लापता युवक के परिजन मसीतांवाली हैड पहुंचे तथा गोताखोरों की सहायता से नहर में युवक की तलाश शुरू करवाई। जानकारी के अनुसार सिद्धमुख निवासी विनोद शर्मा (32) पुत्र भंवरलाल शर्मा गत 22 सितंबर को हरियाणा नंबर की सफेद अल्टो कार लेकर भादरा जाने का कहकर घर से निकला था। दो-तीन दिन तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने सिद्धमुख पुलिस थाने में युवक की गुमशुदगी दर्ज करवाई।
सिद्धमुख थाना के एचसी व जांच अधिकारी हरपाल सिंह ने बताया कि युवक की सिद्धमुख, भादरा, नोहर आदि क्षेत्रों में तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को सूचना मिली कि एक युवक के कार सहित मसीतांवाली हैड के पास इंदिरा गांधी नहर में गिरने की आशंका है। इस पर बुधवार की शाम सिद्धमुख पुलिस व विनोद शर्मा के परिजन मसीतांवाली हैड पहुंचे तथा गोताखोरों की सहायता से नहर में तलाश शुरू करवाई। शाम तक गोताखोर तलाशी अभियान जारी रखे हुए थे, लेकिन न तो युवक का कोई सुराग लगा और न ही कार का। इससे पूर्व पुलिस को नहर की पटड़ी पर कार के गिरने के निशान मिले थे। इसके बाद पुलिस ने सूरेवाला के गोताखोरों को बुलाकर नहर में युवक की तलाश शुरू करवाई थी।