khaskhabar.com: मंगलवार, 23 अगस्त 2016 5:10 PM (IST)
चित्तौडग़ढ़। अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश क्रमांक-1 गोविंद अग्रवाल ने दो साल पूर्व हुई हत्या के मामले में एक युवक को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
मामले के अनुसार राशमी थाना क्षेत्र के जाडाना निवासी कैलाशचंद्र पुत्र जमनालाल रैगर ने रिपोर्ट दी थी कि 8 अक्टूबर 2014 को उसके बड़े पिता के लडक़े पारस ने बीड़ी मांगी। उसने बीड़ी के लिए मना किया तो देख लेने की धमकी दी। इसके बाद रात करीब 8 बजे वह पड़ोसी के यहां दही लेने जा रहा था। इस दौरान पारस अपने घर के बाहर खड़ा था। कैलाशचंद्र के अनुसार पारस ने उससे झगड़ा शुरू कर दिया। आवाज सुनकर पिता जमनालाल बाहर आए और पारस को टोका तो पारस घर के अंदर से कुल्हाड़ी लेकर आया और पारस ने पिता जमनालाल के सिर पर वार किया, जिससे वो नीचे गिर गए। जमनालाल को राशमी अस्पताल लाने के बाद चित्तौडग़ढ़ रेफर किया गया, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
आरोपित पारस के खिलाफ राशमी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर न्यायालय में चालान पेश किया। न्यायालय ने दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद अभियुक्त पारस को आजीवन कारावास तथा पांच हजार रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई। अभियोजन पक्ष की पैरवी करने वाले अपर लोक अभियोजक प्रेमलाल मूंदड़ा ने बताया कि अभियोजन पक्ष की ओर से प्रकरण में 17 गवाह पेश किए गए थे।