Lalsot News: Preparations for political corraling securing/isolating of candidates intensify-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:35 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लालसोट समाचार : पंचायत समिति चुनाव के परिणाम से पहले ही सियासी बाड़ेबंदी की तैयारी तेज

khaskhabar.com: सोमवार, 16 नवम्बर 2026 5:15 PM (IST)
लालसोट समाचार : पंचायत समिति चुनाव के परिणाम से पहले ही सियासी बाड़ेबंदी की तैयारी तेज
भाजपा ने बुलाई तीनों पंचायत समितियों के प्रत्याशियों की बैठक, विधायक रामबिलास मीणा ने लिया फीडबैक; कांग्रेस मतगणना के बाद करेगी बाड़ेबंदी कमलेश आसीका | लालसोट पंचायत समिति चुनाव के परिणाम आने से पहले ही लालसोट विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 20 नवंबर को होने वाली मतगणना से पहले ही भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने खेमे को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। जीत के दावे दोनों दल कर रहे हैं, लेकिन अंदरखाने संभावित विजयी प्रत्याशियों और निर्दलीय उम्मीदवारों को अपने पाले में लाने की रणनीति भी तेजी से तैयार हो रही है। खास बात यह है कि भाजपा ने परिणाम से पहले ही बाड़ेबंदी की तैयारियां शुरू कर दी हैं, जबकि कांग्रेस ने मतगणना के बाद ही बाड़ेबंदी करने का निर्णय लिया है।
इसी रणनीति के तहत लालसोट उपखंड मुख्यालय पर एक होटल में लालसोट, शिवसिंहपुरा और रामगढ़ पचवारा पंचायत समितियों से चुनाव लड़ने वाले भाजपा प्रत्याशियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विधायक रामविलास मीणा ने प्रत्याशियों से चुनावी स्थिति का फीडबैक लिया और तीनों पंचायत समितियों में भाजपा का प्रधान बनने का दावा किया। उन्होंने प्रत्याशियों को पार्टी की मजबूती के लिए एकजुट रहने का संदेश दिया।
भाजपा नगर अध्यक्ष अनिल बुर्जा ने बताया कि सभी प्रत्याशियों को पार्टी के हित में काम करने तथा आगामी रणनीति के तहत कैंपिंग की तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने संभावना जताई कि 18 नवंबर को प्रत्याशियों को कैंपिंग के लिए भेजा जा सकता है।
कांग्रेस को अपने प्रत्याशियों पर भरोसा, परिणाम के दिन ही कैंपिंग

दूसरी ओर कांग्रेस भी चुनाव परिणाम को लेकर पूरी तरह सतर्क है। पूर्व चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा ने तीनों पंचायत समितियों में कांग्रेस के प्रधान बनने का दावा करते हुए कहा कि प्रत्याशियों का चयन कार्यकर्ताओं की राय लेकर किया गया है। ऐसे में कांग्रेस को अपने प्रत्याशियों पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी सोने की तरह खरे हैं, इसलिए परिणाम से पहले बाड़ेबंदी की कोई आवश्यकता नहीं है। मतगणना के दिन ही स्थिति स्पष्ट होने के बाद कैंपिंग शुरू की जाएगी।
कांग्रेस के सामने अपना गढ़ बचाने की चुनौती

गौरतलब है कि लालसोट पंचायत समिति में 19, रामगढ़ पचवारा में 17 तथा नवसृजित शिवसिंहपुरा पंचायत समिति में 15 वार्ड हैं। तीनों पंचायत समितियों के परिणाम 20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर होने वाली मतगणना में घोषित होंगे। लालसोट और रामगढ़ पचवारा पंचायत समितियों पर पूर्व में कांग्रेस का कब्जा रहा है और दोनों जगह कांग्रेस के प्रधान रहे हैं। वहीं शिवसिंहपुरा पंचायत समिति में पहली बार प्रधान का चुनाव होगा।
ऐसे में कांग्रेस के सामने अपने पुराने राजनीतिक गढ़ को बचाने की चुनौती है, जबकि भाजपा इन पंचायत समितियों में अपना दबदबा कायम करने की रणनीति में जुटी है। नगर निकाय चुनाव में मिली जीत से उत्साहित कांग्रेस जहां अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रही है, वहीं भाजपा पिछले चुनावी अनुभवों से सबक लेकर इस बार अधिक से अधिक सीटें जीतने की उम्मीद लगाए बैठी है।
अब सबकी निगाहें 20 नवंबर को आने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी हैं। असली मुकाबला केवल सीटों का नहीं, बल्कि तीनों पंचायत समितियों में प्रधान की कुर्सी पर कब्जा जमाने का है। परिणाम से पहले शुरू हुई यह सियासी चौकसी बता रही है कि इस बार प्रधान पद तक पहुंचने की राह आसान नहीं होने वाली।
*महाकाली मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, 10 हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण की अन्नकूट महाप्रसादी*

*एक दर्जन भट्ठियों पर ढाई दर्जन हलवाइयों ने तैयार किया भोजन, 125 कार्यकर्ताओं की टीम ने संभाली वितरण व्यवस्था*
लालसोट (दौसा)।
उपखंड मुख्यालय लालसोट स्थित महाकाली मंदिर प्रांगण में विशाल अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सेवा भावना के साथ आयोजित किया गया। महोत्सव में करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां महाकाली के दर्शन किए तथा अन्नकूट महाप्रसादी ग्रहण की। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर तक जारी रहा। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल और श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार रहा।
महाकाली सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव के दौरान मां महाकाली की भव्य झांकी सजाई गई। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए मनौतियां मांगी। धार्मिक आयोजन में महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
एक दर्जन भट्ठियों पर रात-दिन जुटे रहे हलवाई

10 हजार श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी तैयार करना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था। इसके लिए मंदिर परिसर में एक दर्जन भट्ठियां तैयार की गईं, जिन पर ढाई दर्जन हलवाइयों की टीम ने भोजन बनाने की जिम्मेदारी संभाली। महाप्रसादी तैयार करने के लिए 4 क्विंटल बाजरा, 4 क्विंटल आटा, 1 क्विंटल चावल, 80 किलो चोले तथा करीब 2 टन सब्जियों का उपयोग किया गया। इतनी बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री से अन्नकूट महाप्रसादी तैयार करने के लिए हलवाइयों की टीम लगातार जुटी रही।
125 कार्यकर्ताओं ने संभाली प्रसादी वितरण की कमान
महाप्रसादी तैयार होने के बाद श्रद्धालुओं तक इसे व्यवस्थित तरीके से पहुंचाने के लिए 125 कार्यकर्ताओं की टीम ने मोर्चा संभाला। समिति के स्वयंसेवकों ने प्रसादी वितरण से लेकर श्रद्धालुओं की आवाजाही और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई। एक ओर भट्ठियों पर हलवाई भोजन तैयार करने में जुटे रहे, वहीं दूसरी ओर कार्यकर्ताओं की टीम सेवा भाव से श्रद्धालुओं को महाप्रसादी परोसती रही।
आयोजन की सफलता के लिए महाकाली सेवा समिति के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने कई दिनों से तैयारियां की थीं। हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता और सामूहिक सहयोग से अन्नकूट महोत्सव भव्य रूप में संपन्न हुआ। धार्मिक आस्था के साथ सेवा और सामूहिक सहभागिता का यह आयोजन शहर में चर्चा का विषय बना रहा।
*सड़क हादसों में दिवंगतों को दी श्रद्धांजलि,* *कैंडल मार्च निकालकर किया जागरूक*
लालसोट (दौसा)।
राज्य सड़क सुरक्षा दिवस के अवसर पर रविवार को पुलिस थाना लालसोट परिसर में श्रद्धांजलि एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया गया। साथ ही दिवंगतों के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए सड़क हादसों से होने वाली अपूरणीय क्षति के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित सीएलजी एवं वाईसीएलजी सदस्यों तथा गणमान्य नागरिकों को यातायात नियमों की पालना करने और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की शपथ दिलाई गई। थानाधिकारी हरलाल मीणा ने वाहन चालकों से अपील की कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा नशे की हालत में कभी भी वाहन नहीं चलाएं।
कार्यक्रम के तहत पुलिसकर्मियों एवं उपस्थित लोगों ने शहर के प्रमुख मार्गों से कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं में दिवंगत हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने संदेश दिया कि थोड़ी सी सावधानी और यातायात नियमों की पालना अनमोल जीवन को बचा सकती है।
*थलोज ग्राम पंचायत से भ्रष्टाचार का होगा समूल खात्मा, भूमाफियाओं की मनमानी पर लगेगी रोक*

*नवनिर्वाचित सरपंच नहनी देवी राडा ने संभाला पदभार, भ्रष्टाचार के खिलाफ भरी हुंकार*
लालसोट। उपखंड मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत थलोज में रविवार को नवनिर्वाचित सरपंच नहनी देवी राडा ने समारोहपूर्वक पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ खुलकर ललकार लगाते हुए पंचायत क्षेत्र में पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करने और भ्रष्टाचार का समूल खात्मा करने का संकल्प जताया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में भूमाफियाओं की मनमानी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन के हितों से खिलवाड़ करने वालों पर अंकुश लगाया जाएगा।
सरपंच नहनी देवी राडा ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि अब किसी भी व्यक्ति को नामांतरण खुलवाने के लिए पटवारी या गिरदावर को रिश्वत देने की आवश्यकता नहीं है। ग्रामीण नियमानुसार ऑनलाइन आवेदन करें, उनके नामांतरण खोलने की कार्रवाई पारदर्शी तरीके से करवाई जाएगी। पंचायत में आमजन के काम बिना किसी भेदभाव और अनावश्यक परेशानी के करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
इस अवसर पर क्रय-विक्रय सहकारी समिति के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद राडा ने कहा कि नगर परिषद सीमा से सटी होने के कारण चांदसेन और थलोज ग्राम पंचायत क्षेत्र भूमाफियाओं के निशाने पर रहा है। कुछ लोगों ने प्रशासनिक मिलीभगत से मनमानी करने का प्रयास किया, लेकिन अब उनके मंसूबे सफल नहीं होंगे। पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों के हितों की रक्षा करना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने चुनाव में जिस विश्वास और उम्मीद के साथ नहनी देवी को जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। पंचायत के विकास कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।
इससे पूर्व नवनिर्वाचित सरपंच नहनी देवी राडा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर विधिवत पदभार ग्रहण किया। समारोह में ग्रामीणों ने सरपंच का फूलमालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में पीसीसी सदस्य कमल मीणा, नगर परिषद सभापति कपिल पुरोहित, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक पुरोहित, पार्षद जाहिद अली, विनोद सैनी, आसिफ चौधरी, मीठालाल मीणा, रोहित पंसारी, कमल राडा ,श्याम राड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद थे।
*विधायक कार्यालय में नवनिर्वाचित सरपंचों का किया स्वागत-अभिनंदन*

*भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अनिल बुर्जा के सानिध्य में हुआ कार्यक्रम
लालसोट। उपखंड मुख्यालय स्थित बड़ा धर्मशाला परिसर में विधायक कार्यालय पर रविवार को नवनिर्वाचित सरपंचों एवं उनके प्रतिनिधियों का स्वागत-अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अनिल बुर्जा के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में नवनिर्वाचित सरपंच हरकेश मीणा (मट लाना), हरिपुरा के सरपंच प्रतिनिधि पोखरमल सैनी तथा खेड़ला के सरपंच प्रतिनिधि प्रिंस जादौन का माला पहनाकर स्वागत किया गया।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए गांवों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम में नगर परिषद पार्षद जेपी सैनी, दीपक बोहरा, कैलाश राजोरिया बुर्जा, मुकेश मंडावरा, नगर महामंत्री विनोद कोराक, अमन गुप्ता, रमेश सैनी, दीपक लिवाली वाले, राजू शर्मा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement