Lalsot News: Only through proficiency in life skills will students be prepared-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:25 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लालसोट समाचार : जीवन कौशलों में दक्षता से ही विद्यार्थी भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होंगे-शीला मीणा

khaskhabar.com: मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026 4:59 PM (IST)
लालसोट समाचार : जीवन कौशलों में दक्षता से ही विद्यार्थी भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होंगे-शीला मीणा
प्रबल कार्यक्रम में 70 विद्यार्थियों ने लिया भाग, कोमल सैनी व मोहित बेरवा रहे प्रथम; जिला स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे लालसोट ब्लॉक का प्रतिनिधित्व लालसोट। समग्र शिक्षा लालसोट के तत्वावधान में 21वीं सदी के जीवन कौशलों पर आधारित प्रबल कार्यक्रम का ब्लॉक स्तरीय आयोजन मंगलवार को पीएम श्री अशोक शर्मा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लालसोट में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शीला मीणा एवं सहसंयोजक रतिराम मीणा ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शीला मीणा ने कहा कि 21वीं सदी में विद्यार्थियों के लिए केवल पढ़ाई में दक्ष होना पर्याप्त नहीं है। आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे जीवन कौशलों में दक्षता भी जरूरी है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं।
कार्यक्रम में ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों से करीब 70 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने नाट्य प्रस्तुति, आशु भाषण एवं पैनल चर्चा के माध्यम से जीवन कौशल, लैंगिक समानता, पर्यावरण संरक्षण, करियर मार्गदर्शन, डिजिटल साक्षरता एवं शिक्षा जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय लालसोट की कोमल सैनी तथा पीएम श्री अशोक शर्मा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लालसोट के मोहित कुमार बेरवा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। दोनों विद्यार्थी अब जिला स्तरीय प्रबल कार्यक्रम में लालसोट ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम में समसा कार्यालय दौसा से कार्यक्रम अधिकारी मुकेश पाराशर, लोकेश शर्मा एवं राधेश्याम शर्मा सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रभारी शिक्षक मौजूद रहे। स्थानीय विद्यालय के उप प्रधानाचार्य मोहन उपाध्याय, कार्यक्रम प्रभारी आलोक भारद्वाज, सह प्रभारी रामनारायण मीणा सहित अनेक प्रधानाचार्य एवं व्याख्याताओं ने भाग लिया। मंच संचालन हनुमान प्रसाद शर्मा ने किया।
*18-19 वर्ष के युवाओं के लिए विशेष पंजीकरण शिविर*
*वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए युवा भरें फॉर्म-6, कोई पात्र* *मतदाता न छूटे*
लालसोट। मतदाता सूची में 18 से 19 वर्ष की आयु के नवमतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए विशेष पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत मंगलवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डोब में स्वीप (मतदाता जागरूकता) अभियान के तहत विद्यार्थियों और युवाओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
स्वीप समन्वयक एवं व्याख्याता महेंद्र कुमार साहू ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवा मतदाता अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वा सकते हैं। इसके लिए संबंधित बीएलओ या ईएलसी प्रभारी से संपर्क कर फॉर्म-6 ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन भरा जा सकता है।
ये दस्तावेज जरूरी
पंजीकरण के लिए दसवीं की अंकतालिका, आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र की फोटो कॉपी, दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा माता या पिता के मतदाता पहचान पत्र की फोटो कॉपी लगानी होगी। आवेदन ECINET पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन अथवा संबंधित बीएलओ के जरिए ऑफलाइन जमा किया जा सकता है।
‘कोई पात्र मतदाता न छूटे’
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रभु दयाल बैरवा ने रामगढ़ पचवारा ब्लॉक के सभी पात्र युवाओं, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
*लम्पी बीमारी को लेकर पशु चिकित्सालय पहुंचा विराट बजरंग दल*
*कार्यकर्ताओं ने पशु चिकित्सक से ली दवाइयों और इंजेक्शन की उपलब्धता की जानकारी*
लालसोट। गौवंश में फैल रही लम्पी बीमारी को लेकर विराट बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पशु चिकित्सालय पहुंचकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कार्यकर्ताओं ने पशु चिकित्सक डॉ. धर्मेश मीणा से मुलाकात कर बीमारी से संबंधित दवाइयों एवं इंजेक्शनों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली।
डॉ. धर्मेश मीणा ने बताया कि अस्पताल में आवश्यक दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने उपचार एवं दवा वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही नहीं होने का आश्वासन दिया। साथ ही गौवंश की सेवा के लिए कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस दौरान विराट बजरंग दल दौसा जिलाध्यक्ष दिनेश तिवाड़ी, जिला उपाध्यक्ष आकाश सैनी बौंलीवाला, सावन हिन्दू, पंकज सैनी, विनोद सैनी, राहुल पहाड़िया एवं केशव वैष्णव सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
*पंचायत राज चुनावों को लेकर भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन बुधवार को*
लालसोट। आगामी पंचायत राज चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी विधानसभा लालसोट की ओर से बुधवार को भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन 7 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे श्याम सरोवर मैरिज गार्डन, लालसोट में होगा। इसमें संगठन के पदाधिकारियों के साथ विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे।
सम्मेलन में विधानसभा लालसोट के विधायक, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं मंडल कार्यकारिणी, मोर्चा अध्यक्ष, शक्तिकेंद्र संयोजक व सहसंयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं बूथ कार्यकारिणी सहित पार्टी के समस्त कार्यकर्ता भाग लेंगे।
संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर होगा मंथन
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करना तथा आगामी पंचायत राज चुनावों में भाजपा की जीत के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पूरी ताकत से जुटने का आह्वान करना है।
*कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक रामगढ़ पचवारा में*
लालसोट। पंचायत राज चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक 7 अक्टूबर को रामगढ़ पचवारा डी प्रभु कौशल रिसोर्ट के प्रांगण में होगी। कार्यकर्ता बैठक को पूर्व चिकित्सा मंत्री परसादी लाल में संबोधित करेंगे । पंचायत राज चुनाव के संदर्भ में कार्यकर्ताओं से विचार मंथन कर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
*बाइक पीछे लेने को लेकर विवाद, अधिवक्ता से मारपीट और रुपए लूटने का आरोप*
*मोबाइल तोड़ने के साथ गल्ले से 3 हजार रुपए निकालने का आरोप; देर रात थाने पहुंचे* *अधिवक्ता, पुलिस ने दो आरोपियों को किया डिटेन*
लालसोट (दौसा)। शहर में सोमवार रात पिता की दुकान पर बैठे अधिवक्ता से बाइक पीछे लेने की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि दो युवकों ने अधिवक्ता संजय पारीक के साथ मारपीट की और उनका मोबाइल तोड़ दिया। गल्ले में रखे करीब 3 हजार रुपए निकालने तथा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
अधिवक्ता के अनुसार, बाइक पीछे लेने की बात को लेकर दो नामजद युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज की और लात-घूंसों से मारपीट की। हमले में सिर, हाथ और होंठ पर चोटें आईं। आरोपियों ने उनका मोबाइल भी तोड़ दिया। इसके बाद गल्ले में रखे करीब 3 हजार रुपए निकालकर दोनों मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद देर रात बड़ी संख्या में अधिवक्ता थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग रखी।
थाना अधिकारी हरलाल मीणा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा दोनों आरोपियों को डिटेन कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
*सोशल मीडिया रील को लेकर एसडीएम से कार्रवाई की मांग*
*आपत्तिजनक बोल वाले गीत के साथ रील प्रसारित करने का आरोप, सामाजिक* *सौहार्द प्रभावित होने की जताई आशंका*
लालसोट। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक गीत के आपत्तिजनक बोल के साथ रील एवं वीडियो प्रसारित किए जाने को लेकर ब्राह्मण समाज एवं विभिन्न समाजबंधुओं ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में मंगलवार को उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया कि इंस्टाग्राम एवं फेसबुक पर कुछ लोगों द्वारा “बामन की न्यू बोल मीणा को हो तो यार...” बोल वाले गीत के साथ रील एवं वीडियो बनाए और प्रसारित किए जा रहे हैं। समाजबंधुओं ने कहा कि इस तरह की सामग्री से विभिन्न समाजों के बीच अनावश्यक विवाद और तनाव की स्थिति बनने के साथ सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है।
ज्ञापन में कहा गया कि लालसोट क्षेत्र में विभिन्न समाजों के लोग आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ रहते आए हैं। किसी समाज या व्यक्ति के प्रति द्वेष उत्पन्न करना उद्देश्य नहीं है, बल्कि क्षेत्र में शांति एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखना जरूरी है।
ज्ञापन के माध्यम से सोशल मीडिया पर ऐसी आपत्तिजनक अथवा उकसाने वाली रील प्रसारित करने वालों की निष्पक्ष जांच कराने तथा कानून का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई। साथ ही ऐसी सामग्री के प्रसार पर रोक लगाने और क्षेत्र में शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर एडवोकेट प्रेम स्वरूप लामडा, प्रकाश चंद्र शर्मा ,गणेश शर्मा, अशोक चौधरी, राहुल झालानी,अनूप माठा, संजय उपाध्याय, अशोक गौतम ,महेश शर्मा चांदपुर वाले सहित अन्य को लोग मौजूद थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement