कानपुर। बैंको के बाहर आम जनता को लाइन लगाने की नसीहत देने वाले खाकीधारी शुक्रवार को खुद लाइन में देखे गये। खास बात यह रही कि इनमें कुछ को छोड़कर सभी आन ड्यूटी थे। यह देख लोगों के मुंह से अनायास निकल पड़ा कि पीएम मोदी के सिस्टम में आ गए खाकीधारी।
पांच सौ व एक हजार नोट बैन के बाद से बैंको और एटीएम के बाहर सुबह से ही लोगों की लाइन लगी नजर आ रहीं हैं। लेकिन पहली बार खाकीधारी बड़ी शालीनता से आम जनता के बीच लाइन लगाकर एटीएम से रूपया निकालते देखे गये। पुलिस लाइन स्थित एटीएम में एक दर्जन से अधिक पुलिस वाले अपनी ड्यूटी छोड़ कतार में लगे रहे। यह देख लोगों में हसी का ठिकाना न रहा और तरह-तरह के चुटकुलों के माध्यम से पुलिसवालों के साथ मजाक करते रहे।
किसी ने कहा कि अच्छे दिन है तो किसी ने कहा कि पीएम मोदी के सिस्टम में आ गई खाकीधारी। सिपाही जगत पाल सिंह ने बताया कि पूरा दिन शहर मे सुरक्षा को लेकर लगे रहना पड़ता है, इतना भी समय नहीं मिल रहा कि एटीएम से रुपए निकाल सके। पिछले दो दिन से एक कप चाय भी पीने के लिए जेब मे एक पैसे नहीं है। वहीं कुछ सिपाहियों का कहना था कि रुपए निकलने के लिए छुट्टी की बात करो तो साहब लोग सीधे मना कर देते हैं। ऐसे में हमारे सामने दूसरा विकल्प नहीं है इसलिए ड्यूटी पर होने के बाद भी लाइन मे लगने को मजबूर है।