Jal Jeevan Mission: Every household in 63 villages with 100% tap connections should be certified for water supply – District Collector-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जल जीवन मिशन : शत-प्रतिशत नल कनेक्शन वाले 63 गांवों में हर घर जल को प्रमाणित करवाया जाए- जिला कलेक्टर

khaskhabar.com: गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 7:44 PM (IST)
जल जीवन मिशन : शत-प्रतिशत नल कनेक्शन वाले 63 गांवों में हर घर जल को प्रमाणित करवाया जाए- जिला कलेक्टर
खास खबर। डीग जिला कलेक्टर मयंक मनीष की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए घरेलू नल कनेक्शन जारी करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
जिला कलेक्टर ने जिले में शत-प्रतिशत नल कनेक्शन जारी किए जा चुके 63 गांवों को ‘हर घर जल प्रमाणित’ करवाने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि इन गांवों में योजना के क्रियान्वयन का सत्यापन एवं प्रमाणीकरण सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में ओटीएमपी के अंतर्गत स्वीकृत एफटीसी की प्रगति की समीक्षा भी की गई।
अधीक्षण अभियंता, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, डीग ने बताया कि कुल 63,407 स्वीकृत एफटीसी में से 49,977 एफटीसी जारी किए जा चुके हैं, जो 78.82 प्रतिशत है। जिला कलेक्टर ने शेष एफटीसी जारी करने की प्रगति बढ़ाने तथा संबंधित कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। बैठक में राज्य सरकार द्वारा आकस्मिक कार्यों के लिए स्वीकृत 75 लाख रुपए तथा जल जीवन मिशन की योजनाओं के संधारण के लिए स्वीकृत 25 लाख रुपये से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़े कार्यों तथा संचालित योजनाओं के रखरखाव की प्रगति पर ध्यान देने और जल जीवन मिशन के कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने घरेलू नल कनेक्शन जारी करने की प्रगति बढ़ाने तथा शत-प्रतिशत नल कनेक्शन वाले गांवों के प्रमाणीकरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement