Jairam new black coat will remain with the tailor, stop day dreaming - Chief Minister-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:37 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

दर्जी के पास ही पड़ा रहेगा जयराम का नया काला कोट, दिन में सपने देखना छोड़ें - मुख्यमंत्री

khaskhabar.com: रविवार, 19 मई 2024 6:09 PM (IST)
दर्जी के पास ही पड़ा रहेगा जयराम का नया काला कोट, दिन में सपने देखना छोड़ें - मुख्यमंत्री
बिलासपुर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि आम परिवार का व्यक्ति जब मुख्यमंत्री की कुर्सी पर पहुंचता है, तब वह हथियार नहीं डालता योद्धा की तरह लड़ता है। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिन में सपने देखना छोड़ दें, वर्तमान कांग्रेस सरकार भगवान के आशीर्वाद से 5 साल का कार्यकाल पूरा करेगी। जयराम ने धनबल का प्रयोग करने के बाद जो नया काला कोट शपथ लेने के लिए सिलाया था, वह दर्जी के पास ही पड़ा रहेगा। जिन विधायकों ने भाजपा को अपना ईमान बेचा है, उनकी पूरी कुंडली खुल रही है। जनता जान चुकी है कि बिकाऊ विधायक एक महीना हिमाचल की सीमा के अंदर क्यों नहीं आए। वे सरकार गिराने की साजिश रचने में लगे थे और परिवार को भी मुंह दिखाने काबिल नहीं थे। मुख्यमंत्री ने बिलासपुर के जगातखाना में लोकसभा उम्मीदवार सतपाल रायजादा के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि आजाद विधायक भी इतने पैसे में बिके कि उन्हें इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्हें भाजपा व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने खरीदा है। जयराम फ़्लॉप डायरेक्टर हैं, उनकी दो फिल्में रिवाज बदलेगा व ऑपरेशन लोटस फ्लॉप हो चुकी हैं, तीसरी फिल्म कंगना मंडी के अंगना भी फ्लॉप होगी। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से 26 साल से भाजपा सांसद चुनकर जा रहे हैं, लेकिन संसदीय क्षेत्र में कोई बड़ी योजना नहीं ला पाए। भानुपल्ली-बिलासपुर-लेह लाइन की 50 प्रतिशत लागत 1250 करोड़ रुपये हिमाचल प्रदेश सरकार दे रही है, जमीन भी हमने दी है। बिलासपुर जिले की जनता मुख्यमंत्री के नाम पर सतपाल रायजादा को वोट दे, वह संसद में आपकी आवाज उठाएंगे। ठाकुर रामलाल भी जो काम लेकर आएंगे उन्हें पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 15 महीने पहले जनता के आशीर्वाद से हमारी सरकार बनी। उसके कुछ दिन बाद अडानी ने एससीसी व अंबुजा सीमेंट प्लांट बंद कर दिए। उनसे जब बातचीत हुई तो मैंने अडानी समूह को साफ कर दिया कि हिमाचल प्रदेश के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा। संपदा हमारी है व धनवान और लोग होते जा रहे हैं, यह नहीं चलेगा। हमारे ट्रक ऑपरेटर भाइयों की किराये की दरें बढ़नी ही हैं, प्रदेश सरकार के कड़े रुख के आगे अडानी समूह को झुकना पड़ा। बीबीएमबी का पानी हमारा और लोगों को डैम का पानी उठाने के लिए भी एनओसी लेनी पड़ती थी, हमने जनता के दर्द को समझते हुए एनओसी की प्रक्रिया को खत्म करवाया। इस मुद्दे को ठाकुर रामलाल, बंबर ठाकुर व राजेश धर्माणी ने मेरे समक्ष उठाया था। अब बीबीएमबी के पानी का इस क्षेत्र के लोग बेरोकटोक लाभ उठा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने 1.36 लाख कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन देकर सामाजिक सुरक्षा दी है। केंद्र सरकार ने आर्थिक प्रतिबंध लगाए, लेकिन हमारे कदम डगमगाए नहीं। वहीं राजस्थान में बनी भाजपा की सरकार ने सत्ता में आते ही कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन बंद कर दी। सरकार आगे बढ़ ही रही थी कि इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदी प्राकृतिक आपदा के रूप में हमारे सामने आ गई। 551 लोगों की जान चली गई, 22 हजार परिवार बेघर हो गए, लेकिन केंद्र सरकार ने फूटी कौड़ी की मदद हिमाचल प्रदेश की नहीं की। प्रधानमंत्री व गृह मंत्री समेत अनेक केंद्रीय नेताओं से मिलकर विशेष राहत पैकेज की गुहार लगाई, मगर उनके कान पर जूं तक नहीं रेंगी। भाजपा नेताओं को आपदा प्रभावितों पर बिल्कुल दया नहीं आई, वे राजनीति करते रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा नेता व सांसद अनुराग ठाकुर इतनी हिम्मत नहीं जुटा पाए कि प्रधानमंत्री व गृह मंत्री से प्रदेश को विशेष पैकेज देने का आग्रह करते। हमारी सरकार ने 4500 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज देकर सभी आपदा प्रभावितों को दोबारा बसाया, आपदा राहत नियम बदलकर डेढ़ लाख रुपये की जगह 7 लाख रुपये पक्का मकान बनाने के लिए दिए। यह कांग्रेस सरकार की जनता के प्रति प्रतिबद्धता है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement