Innocent child dies, brother injured in firecracker explosion in Banda-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बांदा में पटाखा विस्फोट से मासूम की मौत, भाई घायल

khaskhabar.com: शुक्रवार, 03 अक्टूबर 2025 10:18 AM (IST)
बांदा में पटाखा विस्फोट से मासूम की मौत, भाई घायल
बांदा । उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में दशहरा पर्व की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। सड़क किनारे एक पटाखे के फटने से 6 वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में यह दिल दहला देने वाला हादसा उस समय हुआ, जब दोनों भाई देवी विसर्जन के बाद घर लौट रहे थे। घटना बांदा नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़ोखर खुर्द गांव की है। जानकारी के मुताबिक, 9 वर्षीय सूरज और उसका 6 वर्षीय छोटा भाई आकाश देवी विसर्जन के बाद सड़क किनारे पड़े पटाखों के साथ खेल रहे थे। खेल-खेल में आकाश ने एक पटाखा उठा लिया। अचानक पटाखे में जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे आकाश का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में सूरज को भी गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। परिजनों ने तत्काल दोनों बच्चों को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। चिकित्सकों ने आकाश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे कानपुर रेफर किया, लेकिन परिजन कानपुर ले जाने की व्यवस्था कर पाते, उससे पहले ही आकाश ने दम तोड़ दिया।
वहीं, सूरज को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आकाश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सड़क पर पटाखे कहां से आए। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है और हर तरफ शोक की लहर छा गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, और गांववासी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement