धौलपुर। जिला प्रभारी मंत्री पुष्पेन्द्र सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में सूचना केन्द्र के नये भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने भूमि पूजन कर भवन का शिलान्यास कर शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया। जिला कलेक्टर शुचि त्यागी,जिला प्रमुख डॉ.धर्मपाल सिंह और बहादुर सिंह त्यागी ने भी भूमि पूजन किया। जिला कलेक्टर ने बताया कि सूचना केन्द्र का नया भवन बनने से पाठकों,पत्रकारों और विभागीय कार्मिकों को सुविधा मिलेगी। महिलाओं और बच्चों के लिए पृथक हॉल बनाये जायेंगे। दो मंजिला इस भवन के निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 1.5 करोड रूपये स्वीकृत किए हैं। वहीं जिला प्रभारी मंत्री पुष्पेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को धौलपुर पंचायत समिति की पचगांव ग्राम पंचायत में लगे पण्डित दीनदयाल उपाध्याय जनकल्याण पंचायत शिविर का शुभारम्भ किया और ग्रामीणों की समस्याऐं सुनी और उनको सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने शिविर में 15 विभागों द्वारा लगाये काउन्टरों तथा चिकित्सा शिविर का अवलोकन किया।