रिश्वतखोर भी नकार रहे पुराने नोट, 8 दिन में एक भी मामला नहीं
khaskhabar.com: गुरुवार, 17 नवम्बर 2016 10:18 AM (IST)
जयपुर। क्या भ्रष्ट अफसर-कर्मचारी पुरानी करेंसी में रिश्वत लेने के लिए मना कर रहे हैं या उनको भी नई करेंसी का इंतजार है। दरअसल प्रदेश में पिछले दस माह में पहली बार नोटबंदी के पहले सप्ताह के दौरान एसीबी ने एक भी अफसर-कर्मचारी को रिश्वत लेते गिरफ्तार नहीं किया। हालांकि घोषणा के दूसरे दिन महज एक कार्रवाई की थी, जो पहले से तय थी। एसीबी कार्यालय में भ्रष्ट अफसरों की शिकायत करने वाले आ ही नहीं रहे। एसीबी ने जनवरी माह से अब तक प्रदेश में एक के बाद एक अफसर-कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर जेल भेजा है। एडीजी भूपेन्द्र कुमार दक, आईजी दिनेश एमएन व वीके सिंह के कार्यकाल के दौरान सबसे ज्यादा ट्रैप किए गए। तीनों अफसरों के सुपरविजन में तीन आईएएस अधिकारी भ्रष्टाचार के आरोप में पकड़े गए। जनवरी से जून माह तक एसीबी ने महीने में औसतन 28 से 32 ट्रैप और जुलाई से अक्टूबर तक महीने में औसतन 14 से 16 ट्रैप किए। नोटबंदी घोषणा के दूसरे दिन (9 नवंबर) एसीबी ने एक कार्रवाई की, जिसकी तैयारी भी पहले से चल रही थी। एसीबी ने छाबड़ा पालिका अध्यक्ष पिंकी साहू व उसके पति पार्षद जितेन्द्र को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़े : ट्रंप के निजी प्लेन में है आलीशान इंतजाम,जानें इसकी खूबियां...यह भी पढ़े : खास खबर की खास पड़ताल, मतदाता पुनरीक्षण अभियान की हकीकत