khaskhabar.com: सोमवार, 22 अगस्त 2016 3:35 PM (IST)
इलाहाबाद/वाराणसी/गाजीपुर। उत्तर प्रदेश में गंगा और उसकी सहायक नदियों के जलस्तर में पिछले 24 घंटों से लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे इलाहाबाद, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी सहित कई जिलों के सैकड़ों गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं। स्थानीय स्तर पर प्रशासन बाढ़ प्रभावितों की मदद करने की हर संभव कोशिश कर रहा है। बाढ़ की वजह से इलाहाबाद के करैलाबाग, गौस नगर, नेवादा, सलोरी, बघाड़ा इलाके में तेजी से पलायन शुरू हो गया है। जिला प्रशासन का अनुमान है कि दो दर्जन से अधिक मोहल्लों में 20 हजार से अधिक परिवार बाढ़ में फंसे हैं। बड़ी संख्या में लोग राहत शिविरों में पहुंच चुके हैं।
इलाहाबाद के प्रमंडलीय आयुक्त राजन शुक्ला ने सलोरी, बघाड़ा, दारागंज, बख्शी बांध, मोरी गेट तथा संगम क्षेत्र के हालात का जायजा लिया। उनके सामने बाढ़ पीडि़तों ने सुरक्षा की चिंता जताई और खाद्य सामग्री खत्म होने की बात कही। आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को सक्रिय करने का आश्वासन दिया। पूरे इलाके में चार से छह फिट तक पानी भर गया है। नावों की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग अपने-अपने घरों में फंसे हैं।