Doctor and Livestock Inspector Arrested Red-Handed Accepting Bribes Under Camel Conservation Scheme-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ऊंट संरक्षण योजना के नाम पर रिश्वत लेते डॉक्टर और पशुधन निरीक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार

khaskhabar.com: सोमवार, 13 जुलाई 2026 4:22 PM (IST)
ऊंट संरक्षण योजना के नाम पर रिश्वत लेते डॉक्टर और पशुधन निरीक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार
जैसलमेर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर बाड़मेर इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जैसलमेर जिले के मोहनगढ़ स्थित राजकीय प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय के डॉक्टर राघव डोई और पशुधन निरीक्षक सोनू रैगर को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि ब्यूरो की हेल्पलाइन 1064 के माध्यम से बाड़मेर चौकी को इस संबंध में एक शिकायत मिली थी। शिकायत में परिवादी ने बताया कि उसने और उसके भाई ने पशुपालन विभाग की ऊंट संरक्षण योजना के तहत आवेदन किया था। इस योजना के अंतर्गत गर्भवती ऊंटनी के संरक्षण हेतु प्रसव पूर्व और प्रसव पश्चात बच्चे (टोडिये) के लिए दस-दस हजार रुपये की दो किस्तें मिलनी थीं। इन आवेदनों का सत्यापन करने, ऊंटनी व बच्चे की टैगिंग करने और किस्तों को बैंक खाते में ऑनलाइन डलवाने की एवज में दोनों आरोपियों ने आपसी मिलीभगत कर प्रति आवेदन दो हजार रुपये के हिसाब से कुल चार हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसमें से आरोपी सोनू रैगर ने एक हजार रुपये पहले ही फोन पे के माध्यम से परिवादी से प्राप्त कर लिए थे। आज मोहनगढ़ पशु चिकित्सालय में लेन-देन के वक्त आरोपी डॉक्टर राघव डोई के कहने पर उनके सामने ही पशुधन निरीक्षक सोनू रैगर ने परिवादी से शेष तीन हजार रुपये की रिश्वत राशि ली और अपने लोअर की जेब में रख ली। इसी दौरान एसीबी रेंज जोधपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस नारायण टोगस के सुपरविजन में बाड़मेर इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार और उनके स्टाफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौकास्थल से ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सोनू रैगर के पास से रिश्वत के तीन हजार रुपये भी बरामद कर लिए गए हैं। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत केस दर्ज कर आगे की पूछताछ और अनुसंधान किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement