Directed to ensure cyber security-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 7:21 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश

khaskhabar.com: मंगलवार, 23 अगस्त 2016 10:07 PM (IST)
साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्य सचिव डी.एस. ढेसी ने राज्य सरकार के सभी विभागों को साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए हैं, क्योंकि राज्य और देश की सुरक्षा सुदृढ़ डाटा संरक्षण अवसंरचना पर निर्भर करती है। मुख्य सचिव मंगलवार को चण्डीगढ़ में प्राइस वाटर हाउस कूपर्स प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए आयोजित डिजिटल एंड साइबर स्पेस कार्यशाला में बोल रहे थे। साइबर सुरक्षा को एक उभरता हुआ क्षेत्र बताते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि विकास और दिन-प्रतिदिन के अनेक नए अनुप्रयोगों की शुरुआत से साइबर अपराध बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसलिए डाटा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बहुत सा कार्य किए जाने की आवश्यकता है। हरियाणा अपने नागरिकों के लिए ई-सेवाओं का प्रावधान करने वाला एक अग्रणी राज्य है। इन ई-सेवाओं में सभी सामानों, स्टोरों, कार्यों और सेवाओं के लिए एकल खिडक़ी क्लीयरेंस व निगरानी प्रणाली के रूप में कार्य की शुरुआत के लिए केन्द्रीयकृत ई-खरीद पोर्टल और शराब के खुदरा ठेकों के आवंटन की ई-निविदाएं प्रणाली शामिल हैं तथा हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की नौ मंडियों को ऑनलाइन किया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी खरीफ मौसम के दौरान धान की ई-खरीद शुरू हो जाएगी। इसके तहत किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न मंडियों में किसानों के लिए ऑनलाइन दरें प्रदान की जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रदेश की 108 मंडियों को कवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि वर्ष 2017 तक इस योजना के तहत प्रदेश में 31 मंडियों में ई-खरीद शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार के अनेक कार्यक्रमों और योजनाओं को भी ऑनलाइन किया जाएगा। मुख्य सचिव ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण मामलों को समझने और उनका समाधान करने में सहायता करेंगी।

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement