Deputy Chief Minister Diya Kumari listed the achievements in Beawar.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Mar 13, 2026 1:40 am
Location
 
   राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे, ब्यावर में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने गिनाईं उपलब्धियां

khaskhabar.com: शनिवार, 13 दिसम्बर 2025 6:17 PM (IST)
राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे, ब्यावर में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने गिनाईं उपलब्धियां
ब्यावर । राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आज ब्यावर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रेस ब्रीफिंग कर सरकार के दो वर्षों में किए गए कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि सरकार ने अपने दो वर्षों के कार्यकाल में किए गए वादों को धरातल पर उतारते हुए उन्हें साकार किया है। जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाकर आमजन को लाभान्वित करने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मेहनत से राजस्थान विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ जनता तक पहुंच रहा है और बीते दो वर्षों में किए गए कार्य जनता स्वयं देख रही है।
दिया कुमारी ने पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय कई पेपर लीक प्रकरण सामने आए, जबकि वर्तमान सरकार में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। साथ ही कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार गंभीर रही है, जिसके परिणामस्वरूप अपराध दर में 19 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि सरकार पारदर्शिता के साथ सभी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में और भी कई विकास कार्य किए जाएंगे, जिससे राजस्थान विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने ब्यावर से विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि ये रथ गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी देंगे। रथों में सुझाव पेटी भी रखी गई है, जिसमें आमजन अपने सुझाव दे सकेंगे। जनता से प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा और उन्हें आगामी बजट में शामिल किया जाएगा।
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, शहरी विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत सहित जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement