Contract worker dies of electrocution in Mirzapur, family members demand compensation by keeping the body-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

मिर्जापुर में संविदा कर्मी की करंट लगने से मौत, शव रखकर परिजनों ने मुआवज़े की मांग की

khaskhabar.com: मंगलवार, 13 मई 2025 12:15 PM (IST)
मिर्जापुर में संविदा कर्मी की करंट लगने से मौत, शव रखकर परिजनों ने मुआवज़े की मांग की
मिर्जापुर। 132 केवीए पावर हाउस, अहरौरा में कार्यरत एक संविदा गार्ड की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने विद्युत विभाग के गेट पर शव रखकर प्रदर्शन किया और उचित मुआवज़े की मांग की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अहरौरा थाना क्षेत्र के धुरिया गांव निवासी राम सकल यादव जेपीएस एम्पोरियम के अंतर्गत संविदा पर कार्यरत थे। 3 मई को ड्यूटी के दौरान वे 132 केवीए सबस्टेशन अहरौरा में ट्रांसफार्मर पर कार्य कर रहे थे, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गए। हादसे में वे बुरी तरह झुलस गए। विभागीय कर्मचारियों द्वारा उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर, वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। इलाज के दौरान 13 मई को उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अहरौरा स्थित विद्युत विभाग के मुख्य गेट पर ले आए और शव रखकर प्रदर्शन करने लगे। परिजनों ने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ और मृतक के परिवार को समुचित मुआवजा मिलना चाहिए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार चुनार योगेंद्र शरण शाह ने परिजनों को समझाया और सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दिलवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।
मृतक के परिवार की स्थिति :
राम सकल यादव परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनकी मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में बूढ़े माता-पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। परिजनों का कहना है कि मृतक वर्षों से संविदा पर काम कर रहे थे लेकिन उन्हें कोई सुरक्षा सुविधा नहीं दी गई।
मुआवज़े की माँग :
परिजनों की माँग है कि मृतक के परिवार को कम से कम 25 लाख रुपये का मुआवज़ा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, और बच्चों की शिक्षा व भरण-पोषण की जिम्मेदारी सरकार व विभाग द्वारा ली जाए।
विभागीय चुप्पी :
इस हादसे के बाद विद्युत विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने भी मीडिया के सवालों से बचने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने भी विभागीय लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर पर काम करते समय सुरक्षा उपकरण नहीं दिए जाते हैं, जिससे ऐसे हादसे आम हो गए हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement