Constable Satnam Singh Cheats Death in Blazing Basement, Saves 5 Lives-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:36 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

धधकते बेसमेंट में काल को मात देकर निकले कांस्टेबल सतनाम सिंह, बचाईं 5 जिंदगियां

khaskhabar.com: शनिवार, 20 दिसम्बर 2025 10:07 AM (IST)
धधकते बेसमेंट में काल को मात देकर निकले कांस्टेबल सतनाम सिंह, बचाईं 5 जिंदगियां
नीमराणा अग्निकांड में अदम्य साहस दिखाने पर डीजीपी डिस्क से होंगे सम्मानित नीमराणा। राजस्थान पुलिस के एक जांबाज सिपाही ने अपनी जान की परवाह किए बिना मौत के मुंह में फंसे युवकों को सुरक्षित बाहर निकालकर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की है। नीमराणा कस्बे के हीरो चौक स्थित यदुवंशी कॉलोनी में जय गेस्ट हाउस के बेसमेंट में बुधवार रात हुए भीषण अग्निकांड के दौरान कांस्टेबल सतनाम सिंह एक देवदूत बनकर सामने आए। इस अग्निकांड में बेसमेंट में ठहरे छह युवक अचानक आग और जहरीले धुएं के बीच फंस गए। बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा और चारों ओर चीख-पुकार मच गई। उसी समय क्षेत्र में रात्रि गश्त पर तैनात कांस्टेबल सतनाम सिंह को घटना की सूचना मिली। बिना किसी संसाधन या सुरक्षा उपकरण के, उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
बेसमेंट में घना और दम घोंटू धुआं फैला हुआ था, जिससे सांस लेना तक मुश्किल हो रहा था। इसके बावजूद सतनाम सिंह ने अपने मुंह पर मफलर बांधा और आग की लपटों के बीच जान जोखिम में डालते हुए बेसमेंट में प्रवेश किया। अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए उन्होंने एक-एक कर सभी युवकों को बाहर निकालना शुरू किया।
सतनाम सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बेसमेंट में फंसे छह युवकों को बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए मनोहर अस्पताल भिजवाया। दुर्भाग्यवश आग की भयावहता के चलते एक युवक की जान नहीं बचाई जा सकी, लेकिन सतनाम सिंह के साहसिक प्रयासों से पांच युवकों की जान सुरक्षित बच गई।
कांस्टेबल सतनाम सिंह की इस असाधारण वीरता और कर्तव्यपरायणता पर महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव शर्मा आईपीएस ने उन्हें डीजीपी डिस्क सम्मान से सम्मानित करने की घोषणा की है। यह घटना न केवल पुलिस बल के साहस और सेवा भाव को दर्शाती है, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गई है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement