राहुल गांधी के रोड शो से वेंटीलेटर पर पड़ी कांग्रेस को मिली ऑक्सीजन
khaskhabar.com: बुधवार, 05 अक्टूबर 2016 11:50 AM (IST)
आगरा। कांग्रेस के राष्ट्रीय
उपाध्यक्ष राहुल गांधी के रोड शो ने शहर के कांग्रेसी पदाधिकारियों और
कार्याकर्ताओं को फिर से ऑक्सीजन दे दी है। पिछले काफी समय से वेंटीलेटर पर पड़ी
कांग्रेस में राहुल गांधी के रोड शो के बाद नई ऊर्जा का संचार देखने को मिल रहा
है। दावा किया जाने लगा है कि कांग्रेस का इस बार यूपी विधानसभा चुनाव में पहले
चुनाव की तुलना मे वोटिंग ग्राफ काफी बढ़ेगा। यह भी दावा किया जा रहा है कि पिछले
चुनावों की तुलना में कांग्रेस इस बार प्रदेश के चुनावों में अधिक सीटें लाएगी।
रोड शो के दौरान उमड़ी भीड़ से लोगों
का रुझान एक बार फिर कांग्रेस की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों
का मानना है कि जिस तरह से राहुल गांधी के रोड शो में भीड़ उमड़ी, उससे निश्चित तौर
पर राजनीतिक पार्टियों के कान खड़े हो गए हैं। खासतौर से आगरा में कांग्रेस के रोड
शो में उमड़े जनसैलाब को देखकर बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के
पदाधिकारियों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। जहां बसपा को जाटव जाति के
कुछ वोट बैंक के खिसकने का डर सताने लगा है, वही सपा को मुस्लिम वोट बैंक में सेंध
लगती दिखाई दे रही है।