गुड़गांव । मिलेनियम सिटी में महिला वकील के साथ कोर्ट परिसर में मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। फर्जी वोटर मामले में जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता ओमप्रकाश और वकील मीनाक्षी कटारिया के बीच कहासुनी ने मारपीट का रुप ले लिया। वही दूसरी तरफ औमप्रकाश के परिवार ने वकील पर मारपीट शुरू करने और पुलिस पर एक तरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है । पुलिस को दी शिकायत में महिला वकील मीनाक्षी कटारिया ने कहा है कि कोर्ट नंबर-दो में चल रही गुड़गांव के सबसे बडे फर्जी वोटर मामले में सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता ओमप्रकाश कटारिया ने उनके परिवार के बारे में भद्दी टिप्पणी की थी। जिसके बाद कोर्ट रुम से बाहर निकलने के बाद कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। महिला वकील मीनाक्षी कटारिया की माने तो ओमप्रकाश कटारिया ने कोर्ट रुम के बाहर आने के बाद बदसलूकी शुरू कर दी और भद्दे कमेंटस किए जिसके विरोध में उन्होंने ओमप्रकाश को थप्पड़ जड़ दिया। इसी दौरान ओमप्रकाश के पीएसओ ने महिला वकील से मारपीट शुरू कर दी। विवाद ज्यादा बढ़ता देख मौके पर मौजूद दूसरे वकील भी पहुंच गए। वकीलों ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ओमप्रकाश और उसके पीएसओ को हिरासत में ले लिया।