khaskhabar.com: शनिवार, 08 अक्टूबर 2016 09:28 AM (IST)
आगरा। शहर में अपराधियों के हौसले
काफी बुलंद हैं। पुलिस के लिए बदमाश चुनौती बनते जा रहे हैं। एक बार फिर बाइकर्स
गैंग ने जयपुर हाउस में वारदात को अंजाम दे दिया। जिस समय चेन लूटी, उस समय पुलिस की
वहां कोई गश्त नहीं थी। इसी का फायदा उठाकर बदमाश लोहामंडी में प्रैक्टिस करने
वाले फिजिशियन डॉ. विनोद बंसल की पत्नी मीना बंसल से शाम करीब सवा छह बजे सवा तोले
सोने की चेन लूटकर ले गए। चेन आसानी से नहीं टूटी, तो उन्हें धक्का दे दिया। वह सड़क पर
गिरने से घायल हो गईं।
मीना बंसल जयपुर हाउस के पास ही आलोक
नगर में रहती हैं। यहां से जयपुर हाउस जा रहीं थी। उन्होंने बताया कि वह पैदल थीं।
तभी पीछे से एक बाइक पर दो बदमाश आए। उन्होंने चेन पर झपट्टा मारा। पहली बार में
नाकाम रहे तो दोबारा प्रयास कर तोड़ ली। उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इसमें
उनके हाथ में चोट आई। बदमाश लोहामंडी की तरफ भाग निकले।