khaskhabar.com: रविवार, 19 मार्च 2017 9:07 PM (IST)
बूंदी। राजस्थान राज्य वरिष्ठ नागरिक बोर्ड के अध्यक्ष प्रेमनारायण गालव ने कहा कि युवाओ को वरिष्ठ नागरिक एवं पेंशनरों के अनुभवों का लाभ लेना चाहिए, जिन्होंने अपना पूरा जीवन इसमें गुजार दिया। इस उम्र में स्वास्थ्य की बेहतरी जरूरी है। यदि स्वास्थ्य बेहतर रहेगा तो समाज हित में और अधिक कार्य कर सकेंगे। गालव रविवार को यहां जैतसागर रोड़ स्थित हरियाली रिसोर्ट में आयोजित राजस्थान पेंशनर समाज बूंदी के 23वें जिला स्तरीय वार्षिक अधिवेशन एवं सम्मान समारोह में सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस उम्र में पेंशनरों को सिर्फ स्वास्थ्य की ओर ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि एकल परिवार की बढ़ती प्रवृति में उल्लासपूर्व एवं स्वावलंबी जीवन यापन करने के लिए सुरक्षित सेवाएं एवं सुविधाएं प्रदान करने के लिए पेंशनर समाज कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पेंशनरों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। जिससे उनको सम्मानजक व गरिमामय जीवन जीने में आसानी हो सके। उन्होंने बताया कि पीपीपी मॉडल पर वृद्धजनों की आवास सुविधा के लिए राज्य सरकार प्रयास कर रही है।