Advertisement
अमेठी को मिली बड़ी सौगात, सीएम योगी आदित्यनाथ और सीजेआई सूर्यकांत ने किया दीवानी न्यायालय का शिलान्यास

अमेठी का दीवानी न्यायालय कलेक्ट्रेट परिसर के पास जामो रोड स्थित विशुनदासपुर गांव में बनाया जाएगा। इसके निर्माण पर करीब 220 करोड़ रुपए की लागत आएगी। शासन की ओर से पहले चरण में 55 करोड़ रुपए की धनराशि जारी कर दी गई है। दीवानी न्यायालय लगभग 60 एकड़ जमीन में बनेगा। इसके लिए पहले ही बाउंड्री वॉल का निर्माण पूरा किया जा चुका है।
यह दीवानी न्यायालय पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। यहां अधिवक्ताओं के लिए अलग से चैंबर, कैंटीन, पार्किंग, रिकॉर्ड रूम, कोर्ट रूम और अन्य जरूरी सुविधाएं मौजूद रहेंगी। यह एक इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स होगा, जिससे न्यायिक कार्य और अधिक सुचारू तरीके से किया जा सकेगा। इसके निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग अयोध्या को सौंपी गई है।
अमेठी के जिला जज राम मिलन सिंह ने कहा कि यह कोर्ट कॉम्प्लेक्स बहुत ही सुंदर और आधुनिक बनेगा। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं का वर्षों का संघर्ष अब सफल हुआ है। इस कोर्ट के बन जाने से जनता को सस्ता, शीघ्र और सुलभ न्याय मिलेगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि तय समय के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट और शासन की ओर से गाइडलाइंस जारी की जा चुकी हैं और 18 महीने में काम पूरा होना है। बजट भी निर्माण एजेंसी को उपलब्ध करा दिया गया है।
जिलाधिकारी संजय चौहान ने इस अवसर पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि यह अमेठी के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। इससे न सिर्फ वादकारियों और अधिवक्ताओं को सुविधा होगी, बल्कि जनपद मुख्यालय का स्वरूप भी बदलेगा।
डीएम ने बताया कि इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स एक नई और बेहतर सोच है। उन्होंने यह भी कहा कि सीजेआई ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश की इस पहल की सराहना की और कहा कि अन्य राज्यों को भी इस मॉडल को अपनाना चाहिए। डीएम ने कहा कि अमेठी में आज एक नई और विशिष्ट शुरुआत हुई है, जिससे आने वाले समय में जिले को न्यायिक क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
अमेठी
Advertisement
उत्तर प्रदेश से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


