Allahabad High Court Quashes PCS-2025 Preliminary Exam Results; Merit List to be Prepared Afresh-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:15 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने रद्द किया पीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम, नए सिरे से बनेगी मेरिट सूची

khaskhabar.com: शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026 9:51 PM (IST)
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने रद्द किया पीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम, नए सिरे से बनेगी मेरिट सूची
प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) को बड़ा झटका देते हुए सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस)-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द कर दिया है। अदालत ने आयोग को नए सिरे से मेरिट सूची तैयार कर संशोधित परिणाम जारी करने और उसके आधार पर आगे की चयन प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने संजय कुमार और तीन अन्य अभ्यर्थियों की ओर से दाखिल याचिका स्वीकार करते हुए 27 नवंबर को यह आदेश सुनाया। याचियों ने आरोप लगाया था कि प्रारंभिक परीक्षा में उनके अंक अनारक्षित श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थियों से अधिक होने के बावजूद उन्हें ओपन कैटेगरी में शामिल नहीं किया गया। आयोग ने मेरिटोरियस रिजर्व कैटेगरी (एमआरसी) के तहत उन्हें अनारक्षित श्रेणी में स्थानांतरित करने का लाभ नहीं दिया। याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि अनारक्षित श्रेणी किसी एक वर्ग के लिए आरक्षित नहीं है। इसमें सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को समान रूप से अपनी मेरिट के आधार पर चयनित होने का अवसर मिलना चाहिए। ऐसे में आरक्षित वर्ग के जिन अभ्यर्थियों के अंक अनारक्षित श्रेणी के कटऑफ से अधिक हैं, उन्हें उनकी मेरिट के आधार पर ओपन कैटेगरी में शामिल किया जाना चाहिए।
अदालत ने इस तर्क को स्वीकार करते हुए निर्देश दिया कि चयन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पहले विशुद्ध मेरिट के आधार पर अनारक्षित श्रेणी की सूची तैयार की जाए और इसके बाद आरक्षित वर्गों की अलग-अलग सूचियां बनाई जाएं। कोर्ट ने विज्ञापन की शर्त संख्या 19 को भी रद्द कर दिया है।
अभ्यर्थियों के अधिवक्ता के मुताबिक, प्रारंभिक परीक्षा दोबारा नहीं कराई जाएगी। पहले आयोजित परीक्षा में अभ्यर्थियों को मिले अंकों के आधार पर ही नए सिरे से परिणाम तैयार किया जाएगा। इसमें पात्र आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट के अनुसार अनारक्षित श्रेणी में स्थान दिया जाएगा।
दरअसल, यूपीपीएससी ने पीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम एक दिसंबर 2025 को घोषित किया था। इसके बाद आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने परिणाम में एमआरसी के प्रावधानों का लाभ नहीं दिए जाने को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट का रुख किया था। उनका कहना था कि अनारक्षित श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थियों से अधिक अंक प्राप्त करने के बावजूद उन्हें मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर नहीं मिला।
इस मामले में हाई कोर्ट ने 28 सितंबर को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। इसी दिन पीसीएस-2025 के साक्षात्कार भी शुरू हुए थे। हालांकि, अदालत ने आयोग को साक्षात्कार की प्रक्रिया जारी रखने की अनुमति देते हुए अंतिम परिणाम घोषित करने पर रोक लगा दी थी। अब अंतिम आदेश के बाद आयोग को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम नए सिरे से तैयार करना होगा। संशोधित मेरिट सूची के आधार पर मुख्य परीक्षा और आगे की चयन प्रक्रिया को लेकर भी नए सिरे से निर्णय लिया जाएगा। अदालत के इस फैसले को भर्ती परीक्षाओं में आरक्षण और मेरिट के निर्धारण के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement