Advertisement
अलवर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई : कठूमर पंचायत समिति के सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

बिल पास कराने के नाम पर कमीशन की मांग
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ए.सी.बी. चौकी भिवाड़ी को परिवादी द्वारा एक लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत के अनुसार, परिवादी की फर्म 'मैसर्स पोसवाल कम्पनी' द्वारा ग्राम पंचायत में एफएसएसी योजना के अंतर्गत टेंडर के माध्यम से राजीव गांधी सेवा केंद्र ईटोला का मरम्मत कार्य करवाया गया था।
इस कार्य का 2,52,000 रुपए का बिल पंचायत समिति कठूमर में भुगतान के लिए लंबित था। जब परिवादी ने भुगतान के लिए संपर्क किया, तो सहायक अभियंता शिवराम ने बिल पास करने की एवज में 40,000 रुपए और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान ने 15,000 रुपए रिश्वत राशि मांग कर परेशान करना शुरू कर दिया।
सत्यापन के दौरान ही ले ली थी आंशिक रिश्वत
शिकायत मिलने पर ए.सी.बी. भिवाड़ी द्वारा 18 सितम्बर 2026 को रिश्वत मांग का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन के दौरान सहायक अभियंता शिवराम ने 40,000 रुपए की मांग के बाद सौदा 35,000 रुपए में तय किया और 10,000 रुपए मौके पर ही ले लिए तथा शेष 25,000 रुपए बाद में लेना स्वीकार किया।
इसी तरह कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान ने 15,000 रुपए की मांग में से 5,000 रुपए सत्यापन के समय ही ले लिए और शेष 10,000 रुपए बाद में लेने पर सहमत हुई।
दोनों अधिकारियों को मौके पर किया ट्रैप
मांग की पुष्टि होने पर ए.सी.बी. उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन तथा ए.सी.बी. चौकी भिवाड़ी के प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक सुरजीत सिंह के नेतृत्व में ट्रैप दल का गठन किया गया।
मंगलवार को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए ए.सी.बी. टीम ने सहायक अभियंता शिवराम को परिवादी से 25,000 रुपए और कनिष्ठ अभियंता मिन्ना खान को 10,000 रुपए की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों धर दबोचा।
अग्रिम जांच जारी
ए.सी.बी. की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमाला के सुपरविजन में दोनों आरोपियों से पूछताछ और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ब्यूरो द्वारा आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
अलवर
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


