29-year-old princess of Banda, lodged in Abu Dhabi jail in Dubai, sentenced to death-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:40 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

दुबई के अबूधावी की जेल में बंद बांदा की 29 वर्षीय शहजादी को फांसी की सजा

khaskhabar.com: शनिवार, 15 फ़रवरी 2025 11:48 PM (IST)
दुबई के अबूधावी की जेल में बंद बांदा की 29 वर्षीय शहजादी को फांसी की सजा
बांदा। दुबई की अबूधाबी के अलबतवा जेल में बंद बांदा की 29 साल की बेटी शहजादी की फांसी मुकर्रर हो गई है। उसे आज (शनिवार) शाम या कल (रविवार को) फांसी दी जा सकती है। शहजादी के पिता शब्बीर ने यह जानकारी शनिवार को दी। बांदा जिले के गोयरा मुगली गांव के रहने वाले शब्बीर खां ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार की रात 11:58 बजे (भारतीय समयानुसार) उसकी बेटी शहजादी ने फोन पर उनसे बात की और बताया कि "उसका समय समाप्त हो गया है, उसे शनिवार शाम तक या रविवार को फांसी के फंदे पर चढ़ाया जा सकता है।" उन्होंने अपनी बेटी के हवाले से बताया कि "जेल अधिकारियों ने शहजादी को अन्य कैदियों से अलग कर शुक्रवार को तन्हाई बैरिक में बंद कर दिया है और वहां की पुलिस ने उससे कहा कि यह आखिरी फोन है, अपने मां-बाप से बात कर लो।" शब्बीर ने बताया कि बेटी पहले खूब देर तक रोती रही, फिर कहा कि "मेरा समय समाप्त हो गया है, मुझे शनिवार शाम या रविवार को फांसी दे दी जाएगी।
आगरा के जिन चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है, उसे वापस ले लेना, दुश्मनी न करना और आराम से रहना।" उन्होंने बताया कि दुबई के अबूधाबी के अलबतवा जेल में बंद शहजादी (29) को वहां की अदालत ने चार माह के बच्चे के कत्ल के जुर्म में फांसी की सजा सुनाई थी। पहले यह फांसी 21 सितंबर 2024 को दी जानी थी, लेकिन तब टल गई थी।
शब्बीर ने बताया कि उनकी बेटी शहजादी का बचपन में चेहरा जल गया था। बेटी लॉक डाउन के दौरान बांदा की रोटी बैंक नामक सामाजिक संस्था में काम करती थी। इसी बीच आगरा के रहने वाले उजैर से फ़ेसबुक के जरिए उसकी दोस्ती हो गई और उसने उसे नवंबर माह 2021 में सर्जरी कराने के बहाने दुबई भेजा था, वहां उसके फूफा फैज व बुआ नाजिया, नाजिया की सास अंजुम सहाना बेगम रहती हैं।
उन्होंने बताया कि उजैर की बुआ नाजिया के बेटा पैदा हुआ था, जिसकी चार माह 21 दिन की उम्र में मौत हो गई थी। इसी बच्चे के कत्ल के इल्जाम में बेटी को झूठा फंसा दिया गया। फांसी की सजा की जानकारी उन्हें (शब्बीर को) 2023 में मिली थी, तब से अब तक वह भारत सरकार से बेटी की जान बचाने की गुहार लगाते रहे हैं।
शब्बीर बताते हैं कि उन्होंने बांदा की एक अदालत के आदेश पर आगरा के रहने वाले उजैर सहित चार लोगों के खिलाफ शहजादी को दुबई में बेचे जाने का एक मुकदमा मटौंध थाने में 17 जुलाई 2024 को दर्ज करवाया था, लेकिन पुलिस अब तक नामजद आरोपियों से पूछताछ तक नहीं कर सकी और बेटी की फांसी मुकर्रर हो गई। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति से लेकर गृह और विदेश मंत्रालय तक बेटी की जान बचाने की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन हम उसे नहीं बचा सके।
- खासखबर नेटवर्क

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement