Major crackdown by Pratapgarh Police on drug smuggler Shahzeb alias Balla; illegal assets worth ₹2.10 crore frozen-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:40 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ड्रग्स तस्कर शाहजेब उर्फ बल्ला पर प्रतापगढ़ पुलिस का बड़ा प्रहार। 2.10 करोड़ की अवैध संपत्तियां फ्रीज

khaskhabar.com: गुरुवार, 25 जून 2026 8:33 PM (IST)
ड्रग्स तस्कर शाहजेब उर्फ बल्ला पर प्रतापगढ़ पुलिस का बड़ा प्रहार। 2.10 करोड़ की अवैध संपत्तियां फ्रीज
प्रतापगढ़। महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव शर्मा के मादक पदार्थों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस अभियान की पालना में प्रतापगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ(1) के अंतर्गत करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपये मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई की है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में थाना अरनोद पुलिस द्वारा की गई। अहमदाबाद में पकड़ी गई थी ड्रग्स, कड़ियां जुड़ीं तो बेनकाब हुआ पूरा परिवार एसपी आदित्य ने बताया कि ​इस पूरी कार्रवाई की कड़ियां पिछले साल गुजरात में हुई एक बड़ी जब्ती से जुड़ी हुई हैं। 11 फरवरी को एनसीबी अहमदाबाद की जोनल यूनिट ने नाकाबंदी के दौरान स्कूटी सवार ऐजाज हुसैन शेख और उसकी पत्नी शरीन बानो को 4.534 किलोग्राम अवैध अल्प्राजोलम पाउडर का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया था। गहन तफ्तीश में सामने आया कि यह ड्रग्स उन्होंने अरनोद के नौगांवा निवासी शाहजेब उर्फ बल्ला और उसकी मां यास्मीन बानो से खरीदी थी। इस पर एनसीबी ने कार्रवाई करते हुए 4 जुलाई 2025 को शाहजेब और उसकी मां यास्मीन बानो को गिरफ्तार कर लिया था। वर्तमान में मुख्य आरोपी शाहजेब साबरमती जेल, अहमदाबाद में बंद है।
गोपनीय सूचना और वित्तीय जांच के आधार पर प्रतापगढ़ पुलिस ने शाहजेब उर्फ बल्ला द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्तियों की विस्तृत पड़ताल की। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी मां, पिता और भाई के नाम पर आलीशान मकान, पोल्ट्री फार्म तथा कई महंगे वाहन खरीदे थे। नौगांवा स्थित कनाड रोड पर निर्मित आलीशान आवासीय भवन और दो बड़े फार्म हाउस की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1.80 करोड़ रुपये आंकी गई है।
इसके अतिरिक्त आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर खरीदी गई मारुति स्विफ्ट डिजायर, मारुति ब्रेजा, महिंद्रा स्कॉर्पियो तथा दो मोटरसाइकिलों सहित अन्य वाहनों का वर्तमान बाजार मूल्य करीब 30 लाख रुपये पाया गया। इस प्रकार कुल 2.10 करोड़ रुपये की संपत्तियां अवैध मादक पदार्थों की कमाई से अर्जित होना सामने आया।
थानाधिकारी अरनोद पुलिस निरीक्षक शिवलाल द्वारा तैयार किए गए संपत्ति फ्रीजिंग प्रस्ताव को भारत सरकार की अधिकृत कंपिटेंट अथॉरिटी एवं एडमिनिस्ट्रेटर, सफेमा (एफओपी) एवं एनडीपीएस एक्ट, नई दिल्ली को भेजा गया। सभी दस्तावेजों के परीक्षण के बाद प्राधिकरण ने फ्रीजिंग कार्रवाई को स्वीकार करते हुए संबंधित संपत्तियों पर नोटिस जारी किए। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फ्रीज की गई संपत्तियों पर बोर्ड भी लगाए तथा संबंधित विभागों को अग्रिम कार्रवाई के लिए सूचित किया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शाहजेब का परिवार पूर्व से ही मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में संलिप्त रहा है। उसका पिता शमशेर खान एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में सजायाफ्ता है, जबकि भाई समीर खान एक अन्य बड़े मादक पदार्थ प्रकरण में वांछित चल रहा है। शाहजेब स्वयं एनसीबी अहमदाबाद के प्रकरण में न्यायिक अभिरक्षा में है। ​मां यास्मीन बानो एनसीबी अहमदाबाद के ड्रग्स केस में सह-आरोपी है और उसका क्रिमिनल रिकॉर्ड दर्ज हो चुका है।
एसपी बी. आदित्य ने कहा कि प्रतापगढ़ पुलिस भविष्य में भी मादक पदार्थ तस्करों, उनके सहयोगियों और तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रखेगी। पुलिस का लक्ष्य केवल तस्करों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध आर्थिक ताकत को भी समाप्त करना है, ताकि जिले में नशे के कारोबार की जड़ें पूरी तरह समाप्त की जा सकें।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement