Saving the Earth is everyone responsibility; even small efforts can bring about big change: Rakul Preet Singh-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:45 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

धरती को बचाना हम सभी की जिम्मेदारी, छोटी-छोटी कोशिशें भी ला सकती हैं बड़ा बदलाव : रकुल प्रीत सिंह

khaskhabar.com: बुधवार, 18 नवम्बर 2026 4:29 PM (IST)
धरती को बचाना हम सभी की जिम्मेदारी, छोटी-छोटी कोशिशें भी ला सकती हैं बड़ा बदलाव : रकुल प्रीत सिंह
मुंबई । अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताते हुए पर्यावरण को बचाने के लिए सभी से अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की है। उनका कहना है कि प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है और इसका सीधा असर हमारी सेहत के साथ आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर भी पड़ रहा है। ऐसे में सिर्फ सरकार या किसी एक संस्था के भरोसे बैठने के बजाय हर व्यक्ति को अपने स्तर पर कोशिश करनी होगी। अभिनेत्री ने कहा कि गाड़ी से निकलने वाले धुएं पर नजर रखने से लेकर अपने कार्बन फुटप्रिंट को कम करने तक, छोटी-छोटी कोशिशें भी बड़ा बदलाव ला सकती हैं। आईएएनएस से बातचीत में रकुल ने कहा, ''पर्यावरण को बचाने के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयास आज की सबसे बड़ी जरूरत है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) खतरनाक स्तर पर है। हम खबरों में पढ़ते हैं कि एक्यूआई 600 और 1,000 तक पहुंच गया है। इसका असर हमारी सेहत और आने वाली पीढ़ियों पर पड़ रहा है।''
रकुल ने आगे कहा कि मौजूदा पीढ़ी शायद किसी तरह इस स्थिति में जी लेगी, लेकिन असली सवाल यह है कि हम आने वाली पीढ़ियों के लिए कैसी धरती छोड़कर जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ''हम तो अपनी जिंदगी जी लेंगे, लेकिन अगली कुछ पीढ़ियों के लिए कैसी धरती छोड़कर जा रहे हैं? यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि अपनी तरफ से जितना हो सके, उतना करें। हमें देखना चाहिए कि हमारा कार्बन फुटप्रिंट कितना है और हमारी गाड़ी से कितना प्रदूषण निकल रहा है। ये छोटी-छोटी बातें हैं, लेकिन अगर हम सभी इन्हें अपनाएं तो यह एक सामूहिक प्रयास बन सकता है। मुझे खुशी है कि अर्थशॉट इस तरह का आयोजन कर रहा है। यह सही दिशा में उठाया गया एक कदम है।''
अभिनय की बात करें तो रकुल प्रीत सिंह हाल ही में नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म 'रामायण' में शूर्पणखा के किरदार में नजर आईं। अभिनेत्री ने इस फिल्म का हिस्सा बनने के अनुभव को बेहद खास बताया। उन्होंने कहा कि 'रामायण' ऐसी कहानी है, जो पीढ़ियों से भारतीयों की जिंदगी और संस्कृति का हिस्सा रही है। ऐसे में इतने बड़े स्तर पर इस कहानी को पर्दे पर जीवंत होते देखना उनके लिए गर्व की बात है।
बता दें कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' में रणबीर कपूर और साई पल्लवी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement