दो फिल्में, दो ब्लॉकबस्टर सितारे, फिर भी 100 करोड मुश्किल
khaskhabar.com: बुधवार, 05 अप्रैल 2017 11:42 AM (IST)
इस वर्ष की तिमाही में प्रदर्शित हिन्दी फिल्मों में से 4 फिल्में ऐसी रही जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड से ज्यादा का कारोबार करने में सफलता प्राप्त की। इन चार फिल्मों में भी तीन फिल्में—रईस, काबिल और जॉली एलएलबी-2 ऐसी रहीं जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर 150 करोड का आंकडा छूने के लिए बहुत जोर लगाया लेकिन सफल नहीं हो पाए। परन्तु चौथी फिल्म बद्रीनाथ की दुल्हनिया ने जरूर यह कारनामा अंजाम दिया। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पिछले तीन माह में प्रदर्शित हुई फिल्मों में यह एक मात्र ऐसी फिल्म है जिसने बहुत शांति से बॉक्स ऑफिस पर 150 करोड से ज्यादा का कारोबार करने में सफलता प्राप्त की है। अब तक यह फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 160 करोड के आंकडे को पार कर चुकी है और अभी इसका यह क्रम लगातार जारी है। वैसे वैश्विक स्तर पर इस फिल्म ने 210 करोड का कारोबार किया है। इन फिल्मों के अतिरिक्त गत माह में दो और ऐसी फिल्मों का प्रदर्शन हुआ जिनके बारे में यह कहा जा रहा था कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी सफलता प्राप्त करेंगी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। यह फिल्में रही—फिल्लौरी और नाम शबाना। अपनी रिलीज सेे पहले यह दोनों ही फिल्में प्रमोशन और यूनिक स्टोरी को लेकर चर्चा में रही। एक तरफ अनुष्का शर्मा की अनोखी प्रेम कहानी थी, दूसरी तरफ एक आम लडकी के ऑफिसर शबाना बनने का सफर था। यह भारत की पहली स्पिन ऑफ फिल्म है। इन दोनों ही फिल्मों की 100 करोड की कमाई फिक्स मानी जा रही थी। इन दोनों अब तक जितनी कमाई की है, वह उत्साहजनक नहीं है। हालांकि दोनों ही फिल्मों ने अपनी लागत से अधिक कमाई की है। फिर भी यह दोनों स्टार से सजी धजी फिल्में जादुई आंकडा छूने में नाकामयाब रहीं। यहां तक कि अक्षय कुमार का धमाकेदार कैमियो भी तापसी पन्नू को 100 करोड क्लब का हिस्सा नहीं बना पाया। अनुष्का शर्मा को भी बॅाक्स ऑफिस पर कमाई का फायदा केवल दिलजीत दोसांझ के पंजाब में लोकप्रियता के आधार पर ही मिला है। फिल्लौरी ने पंजाब में सबसे अधिक कमाई की है।