Manini Dey, who plays a widowed mother in Rax, said, A woman is shouldering the responsibilities of both parents while raising a child.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

'रक्स' में विधवा मां के किरदार में मानिनी डे, बोलीं- 'बच्चे की परवरिश में माता-पिता दोनों की जिम्मेदारी निभा रही है महिला'

khaskhabar.com: मंगलवार, 10 नवम्बर 2026 5:10 PM (IST)
'रक्स' में विधवा मां के किरदार में मानिनी डे, बोलीं- 'बच्चे की परवरिश में माता-पिता दोनों की जिम्मेदारी निभा रही है महिला'
मुंबई । अभिनेत्री मानिनी डे जल्द ही आने वाली शॉर्ट फिल्म 'रक्स' में एक ऐसी महिला के किरदार में नजर आएंगी, जो पति को खोने के बाद अकेले अपने बच्चे की परवरिश कर रही है। फिल्म में उनका किरदार एक विधवा मां का है, जो खुद अपने दुख से उबरने की कोशिश कर रही है और साथ ही अपने छोटे बेटे को भी संभाल रही है। अभिनेत्री ने आईएएनएस के साथ खास बातचीत में अपने किरदार, फिल्म के गंभीर विषय और इसके निर्देशक व निर्माता के साथ काम करने के अनुभव के बारे में बात की। मानिनी ने बताया, '''रक्स' में मैं एक विधवा मां का किरदार निभा रही हूं, जिसका एक छोटा बेटा है। वह अपने साथी को खोने के गम से जूझ रही है। एक तरफ उसे अपने दुख से बाहर निकलना है, वहीं दूसरी तरफ बच्चे की परवरिश भी करनी है। वह मां और पिता दोनों की जिम्मेदारियां निभा रही है।''
उन्होंने आगे कहा, ''वह अपने बच्चे की जरूरतें पूरी करने और उसे समय देने की पूरी कोशिश करती है। लेकिन कहानी आगे बढ़ने के साथ वह खुद को एक ऐसे चक्र में फंसा हुआ पाती है, जहां उसे खुद से नफरत होने लगती है और वह बेबस महसूस करती है। इसकी वजह वह घटना है, जो उसके बच्चे के साथ उस समय होती है, जब वह उसके बेहतर भविष्य के लिए घर से बाहर काम करने जाती है। फिल्म में मेरा लुक आज के दौर की कामकाजी महिला जैसा है।''
शॉर्ट फिल्मों को लेकर अपनी पसंद के बारे में बात करते हुए मानिनी ने कहा कि उन्हें हमेशा से इस फॉर्मेट की फिल्में पसंद रही हैं। कम समय में किसी गंभीर और असरदार बात को दर्शकों तक पहुंचाना अपने आप में एक खास हुनर है। उन्होंने कहा, ''फिल्म की कहानी, उसकी लिखावट और उसे पर्दे पर दिखाने का तरीका इस फॉर्मेट को खास बनाता है। हालांकि, कम समय, सीमित बजट और छोटे स्तर पर फिल्म बनाने की चुनौतियां भी होती हैं।''
मानिनी ने फिल्म के विषय को इंसानियत से जुड़ा बेहद जरूरी मुद्दा बताया। उन्होंने कहा, '''रक्स' का विषय पूरी इंसानियत के लिए अहम है। यह किसी भी जीवित प्राणी, चाहे वह इंसान हो या जानवर, के खिलाफ होने वाले सबसे जघन्य अपराधों में से एक के खिलाफ हमारी आवाज है। यह इंसानी मूल्यों के पूरी तरह गिरने और समाज में गहराई तक फैली बीमारी को दिखाता है।''
उन्होंने कहा, ''फिल्म बनाने का मकसद लोगों को जागरूक करना, ऐसे अपराधों को रोकने की दिशा में काम करना और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस लड़ाई से जोड़ना है। इसके साथ ही पीड़ितों को अपनी बात रखने का मौका देना और अपराध करने वालों को कड़ा संदेश देना भी फिल्म के उद्देश्यों में शामिल है।''
फिल्म के निर्देशक इकबाल रिजवी और निर्माता मनबीना के साथ काम करने के अनुभव पर मानिनी ने कहा कि दोनों के साथ काम करना उनके लिए बेहद अच्छा अनुभव रहा। उन्होंने निर्देशक की तारीफ करते हुए कहा, ''इतने प्रतिभाशाली, संवेदनशील और काबिल निर्देशक इकबाल रिजवी के साथ काम करना मेरे लिए बेहद खुशी की बात थी।''
निर्माता मनबीना के बारे में उन्होंने कहा, ''वह सिर्फ एक बेहतरीन लेखिका ही नहीं, बल्कि एक मजबूत और जमीन से जुड़ी इंसान भी हैं। वह किसी व्यक्ति के बाहरी रूप से आगे जाकर उसे समझने की क्षमता रखती हैं।''
मानिनी डे 'कृष', 'फैशन', 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर', 'चेन कुली की मेन कुली' और 'साढ़े सात फेरे' जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। वह 'रोमिल एंड जुगल', 'अभय', 'कोल्ड लस्सी और चिकन मसाला', 'मेड इन हेवन', 'द जेंगाबुरू कर्स' और 'कैंपस बीट्स' जैसी वेब सीरीज में भी नजर आ चुकी हैं।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement