Mahabharat actor Ayush Shah accused of fraud of Rs 4.44 crore, 32 cheques bounced; FIR filed following court order-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

'महाभारत' एक्टर आयुष शाह से 4.44 करोड़ रुपए की ठगी का आरोप, 32 चेक बाउंस, कोर्ट के आदेश पर एफआईआर

khaskhabar.com: गुरुवार, 19 नवम्बर 2026 5:24 PM (IST)
'महाभारत' एक्टर आयुष शाह से 4.44 करोड़ रुपए की ठगी का आरोप, 32 चेक बाउंस, कोर्ट के आदेश पर एफआईआर
मुंबई । टीवी अभिनेता आयुष शाह से 4.44 करोड़ रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। अभिनेता ने एविएशन ट्रेनिंग कंपनी में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपए लेने और बाद में पैसे वापस मांगने पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। इस मामले में मुंबई की ओशिवारा पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर और उनके परिवार के सदस्यों समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने अदालत के आदेश के बाद यह मामला दर्ज किया है। आयुष का दावा है कि आरोपियों ने उन्हें 32 चेक दिए थे और सभी बाउंस हो गए। टीवी शो 'महाभारत', 'नव्या' और 'उतरन' में काम कर चुके आयुष शाह की शिकायत पर प्रथम वर्ग न्यायिक मजिस्ट्रेट, रेलवे मोबाइल कोर्ट, अंधेरी पूर्व ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के तहत पुलिस को जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद एफआईआर दर्ज की गई, जिसमें बिश्वजित बादलचंद्र घोष, उनकी पत्नी पियाली श्यामलेंदु चटर्जी, बहन बिजोया सुब्रत कुमार दास, पिता बादलचंद्र घोष और लखनऊ निवासी शबाब हुसैन को आरोपी बनाया गया। शबाब हुसैन एविएशन ट्रेनिंग कंपनी 'माईफ्लेज' के डायरेक्टर हैं। पुलिस ने धोखाधड़ी, विश्वासघात, जालसाजी और आपराधिक साजिश समेत बीएनएस की अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया है।
एफआईआर के मुताबिक अक्टूबर 2019 में सोशल मीडिया के जरिए आयुष की पहचान बिश्वजित से हुई थी। उसने बताया कि माईफ्लेज प्राइवेट लिमिटेड केबिन क्रू और एयर होस्टेस को ट्रेनिंग देती है। कंपनी के देशभर में 12 सेंटर हैं और इसमें निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिल सकता है। शुरुआत में आयुष ने निवेश से इनकार कर दिया, लेकिन बाद में बिश्वजित ने उनकी कंपनी मार्स कम्युनिकेशंस से पीआर और सोशल मीडिया की सेवाएं लेनी शुरू कर दीं।
लॉकडाउन के बाद आयुष की बिश्वजित और पत्नी पियाली से मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों ने फ्लेज इंस्टीट्यूट ऑफ एविएशन एंड हॉस्पिटैलिटी में निवेश का प्रस्ताव दिया। उन्होंने देशभर में नए सेंटर खोलने की योजना बताई। बातचीत के बाद आयुष ने निवेश करने का फैसला किया। 2021 से 2025 के बीच आयुष ने कुल 4,44,48,000 रुपए दिए। इसमें 65,44,000 रुपए बैंक ट्रांसफर, 10,55,500 रुपए एटीएम के जरिए और 3,27,61,530 रुपए दिए जाने का दावा है। इसके अलावा उनकी कंपनी मार्स कम्युनिकेशंस का 40,86,970 रुपए का भुगतान भी बकाया बताया गया है।
आयुष के मुताबिक शुरुआत में बिश्वजित ने मुनाफे और पीआर सेवाओं के पैसे मिलाकर 85,18,418 रुपए लौटाए थे। अक्टूबर 2021 में शबाब हुसैन भी कारोबार में पार्टनर बना।
एफआईआर में आरोप है कि 2024 में आयुष ने 1.30 करोड़ रुपए वापस मांगे तो बिश्वजित ने और पैसे निवेश करने को कहा। उसने टाटा एआईजी की यूएलआईपी योजना में मार्केट क्रैश होने और टारगेट पूरा नहीं होने का हवाला दिया। भरोसा दिलाने के लिए 20 दिसंबर 2024 को कंपनी के आईसीआईसीआई बैंक खाते का स्टेटमेंट भी वॉट्सऐप पर भेजा गया। इसके बाद आयुष ने 85 लाख रुपए नगद दिए।
आयुष के बताया कि 19 जनवरी 2025 को उन्होंने मैसेज कर बताया कि उनके 3.66 करोड़ रुपए वापस मिलने बाकी हैं। 28 जनवरी को वह अपने पिता और बहन के साथ बिश्वजित से मिलने पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और पुलिस स्टेशन में शिकायतें दर्ज कराई गईं।
आयुष का आरोप है कि पुलिस स्टेशन के बाहर बिश्वजित ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने अब तक जो दस्तावेज भेजे थे, वे फर्जी थे। इसके बाद आयुष आईसीआईसीआई बैंक पहुंचे, जहां बैंक रिकॉर्ड की जांच के बाद उन्हें बताया गया कि इस तरह का कोई लेनदेन नहीं हुआ है और संबंधित खाता फ्रीज है। बिश्वजित की ओर से दिए गए सभी 32 चेक बाउंस हो गए। इसके बाद उन्होंने गिरगांव कोर्ट में छह मामले दर्ज कराए।
आयुष ने दूसरे लोगों से भी सामने आने की अपील करते हुए कहा कि उनके साथ ऐसा अनुभव करने वाले और लोग भी हो सकते हैं। उन्होंने लोगों से कानूनी कार्रवाई करने और न्याय व्यवस्था पर भरोसा बनाए रखने की बात कही। फिलहाल पुलिस बैंक रिकॉर्ड, दस्तावेजों और चेक की जांच कर रही है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement