बिलासपुर। शरद ऋतु में कम बारिश के चलते सूखा पडऩे व आग लगने की स्थिति से निपटने के लिए योजना तैयार करने के उद्देश्य से बचत भवन में आपदा प्रबंधन के तहत जिला में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त बिलासपुर ऋग्वेद ठाकुर ने की। बैठक में कृषि, बागबानी, खाद्य वितरण, पशु पालन, वन, स्वास्थ्य, पेयजल, अग्निशमन तथा पुलिस विभाग के साथ सूखा व आग लगने जैसी आपात स्थिति ने निपटने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई और सभी विभागों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित स्थिति से निपटने के लिए सुझाव दिए।
उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान में बारिश न होने के कारण सूखा पडऩे व जंगलों में आग लगने जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग की प्रशिक्षित टीम तथा वन विभाग के फील्ड स्टाफ की टीम को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए उपायुक्त कार्यालय में आपदा प्रबंधन का कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे दिन-रात कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि काई भी प्रभावित व्यक्ति कंट्रोल रूम के फोन नंबर 1077 या 01978-221108 पर हर समय संपर्क कर सकते हैं। बैठक में पुलिस अधीक्षक राहुल नाथ, जिला राजस्व अधिकारी हेम चंद, कार्यकारी उपनिदेशक एसआर कपिल, अग्निशमन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।