धौलपुर। प्रारम्भिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित 61 वीं जिला स्तरीय उच्च प्राथमिक विद्यालयी छात्रा क्रीड़ा प्रतियोगिता आरएसी मैदान में सोमवार को आरएसी कमांडेंट हिम्मत सिंह के मुख्य आतिथ्य और जिला शिक्षा अधिकारी श्वेत सिंह मेहता की अध्यक्षता में प्रारम्भ हुईं।
इस मौके पर खिलाडियों से कमांडेंट सिंह ने कहा कि हाल ही में सम्पन्न ओलम्पिक में देश की दो महिलाओं सिंधु व साक्षी ने साबित कर दिया की महिलाएं पुरुषों से हर क्षेत्र में आगे हैं।
उन्होंने कहा कि बालिकाओं को पढ़ाई के साथ इन दोनों खिलाडियों से प्रेरणा लेकर खेलों में भी गम्भीरता से भाग लेना चाहिए। डा.वीडी व्यास ने कहा कि बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ के साथ अब बेटी खिलाओ बहुत ही महत्वपूर्ण हो गया है। बेटियों ने हमेशा ही देश का नाम रोशन किया है.इसलिए सभी बेटियों को पढ़ाई के साथ खेल पर भी ध्यान देना चाहिए। जिला शिक्षा अधिकारी श्वेत सिंह मेहता ने कहा कि पुरुषों को पुरानी मानसिकता त्याग कर बेटियों को आगे आने के लिए प्रेरित करना चाहिए जिससे देश में और अधिक सिंधु-साक्षी पैदा हो सकें। आयोजन सचिव मुकेश सूतैल ने सभी का आभार व्यक्त किया तथा सुरेंद्र यादव ने संचालन किया। आयोजन सचिव मुकेश सूतैल ने बताया कि 7 सितम्बर तक चलने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में 21 टीमों की 225 खिलाडी भाग ले रहीं हैं।