हनुमानगढ़। जिले के भिरानी पुलिस थाना क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व कीटनाशक का सेवन करने से गंभीर हालत में भर्ती कराई महिला की इलाज के दौरान अस्पताल मौत हो गई। उसका अग्रोहा के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। इस संबंध में मृतका के पिता ने उसके पति सहित तीन जनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज करवाया है।
पुलिस के अनुसार देवीलाल नायक निवासी भानगढ़ हाल चक 1 एए, अनूपगढ़ (श्रीगंगानगर) ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी पुत्री राजबाला की शादी करीब 30 वर्ष पूर्व गांव झांसल निवासी वेदप्रकाश से हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति वेदप्रकाश पत्नी राजबाला से मारपीट कर परेशान करता था। उसी घर में ब्याही राजबाला की बहन के लडक़े संजय व संदीप भी वेदप्रकाश का साथ देते थे। 25 सितंबर को भी वेदप्रकाश, संजय व संदीप ने राजबाला से मारपीट की। इसी से परेशान होकर राजबाला स्प्रे गटक लिया। उसे गंभीर हालत में अग्रोहा के अग्रोहा मेडिकल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान राजबाला की मौत हो गई। भिरानी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक राजूराम को सौंपी गई है।