श्रीगंगानगर। जिला कलेक्टर पी.सी.किशन ने कहा कि आर्ट एंड कल्चर को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए, क्योंकि शास्त्रों में कहा गया है कि कला, संगीत एवं साहित्य के बिना इंसान पशु के समान है। जिला कलेक्टर पांच दिवसीय चित्रकला प्रदर्शनी 2016 ‘रंगधारा’ के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जब वे श्रीगंगानगर आए थे, तब उनके मन में था कि यहां कोई अच्छी आर्ट गैलरी एवं ऑडिटोरियम बनवाए, लेकिन यह संभव नहीं हो सका। अब यहां के कलाकारों के काम एवं जनता के रुझान को देखते हुए मैं कह सकता हूं कि जल्द ही यहां आर्ट गैलेरी और ऑडिटोरियम का निर्माण किया जाएगा, जो एक नॉलेज सेंटर के रूप में कार्य करेगा। प्रशासन हर तरह से इसमें सहयोग करेगा। जिला कलेक्टर ने कहा कि 2 से 28 अक्टूबर 2016 तक चलने वाले स्वच्छता अभियान में यहां के कलाकारों का भी सहयोग लिया जाएगा। शहर के मुख्य मार्गों की दीवारों, रेलवे अंडर ब्रिज व अन्य प्रमुख स्थानों को चित्रित करके सुंदर बनाया जाएगा, इसके लिए कलाकारों के चार समूह बनाए जाएंगे। स्कूली बच्चों को भी इस समूह में शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्रीगंगानगर विधायक कामिनी जिंदल ने कहा कि चित्र प्रदर्शनी ने इस निर्जीव हॉल को जीवंत बना दिया है। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों के लक्की ड्रॉ विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रदर्शनी में शामिल सभी 19 चित्रकारों को सम्मानित किया गया। सभी कलाकारों की तरफ से जिला कलेक्टर पी.सी.किशन को शॉल ओढ़ाकर एवं श्रीफल तथा पेंटिंग भेंट करके सम्मानित किया गया।