Uttar Pradesh Minister Jaiveer Singh praised the central government for the 8.2 percent GDP growth rate.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 16, 2026 4:14 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

उत्तर प्रदेश के मंत्री जयवीर सिंह ने 8.2 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ रेट पर केंद्र सरकार की सराहना की

khaskhabar.com: शनिवार, 29 नवम्बर 2025 5:16 PM (IST)
उत्तर प्रदेश के मंत्री जयवीर सिंह ने 8.2 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ रेट पर केंद्र सरकार की सराहना की
मैनपुरी । उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने 8.2 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ रेट को लेकर केंद्र सरकार की सराहना की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल वित्तीय प्रबंधन और साहसिक फैसलों से देश की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को आईएएनएस से बातचीत में जीडीपी ग्रोथ में सुधार पर देश के लोगों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा, "जीएसटी में कटौती और वित्तीय प्रबंधन को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाए गए। इसके लिए प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री और पूरी सरकार बधाई की पात्र हैं। अमेरिका जैसे देश के टैरिफ के बावजूद भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना हुआ है।"
जयवीर सिंह ने यह भी कहा कि सामरिक और आर्थिक क्षेत्रों में भारत ने वैश्विक स्तर पर मजबूत स्थिति हासिल की है, जो हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा, "सामरिक क्षेत्र में एक-दो देशों को छोड़ दें तो सबसे शक्तिशाली देशों की श्रेणी में भारत खड़ा है। यह हर हिंदुस्तानी के लिए गौरवशाली क्षण है। राष्ट्र के हर नागरिक को अपने आपको इस पर गौरवान्वित महसूस करना चाहिए।"
पश्चिम बंगाल में एसआईआर को लेकर उठे विवाद पर मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि देश के 12 राज्यों में एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है और यह मतदाता सूची को पारदर्शी तथा त्रुटिरहित बनाने का काम है। उन्होंने कहा, "एसआईआर से केवल वही लोग परेशान हैं जिनके दो या तीन स्थानों पर वोट बने हुए थे या जिन्होंने अवैध तरीके से वोट बनवाए थे। सही मतदाता सूची बनने से लोकतंत्र और मजबूत होगा।"
उन्होंने आगे कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव की तरह सही मतदाता सूची से वास्तविक मतदान प्रतिशत सामने आएगा और लोकतंत्र को नई ताकत मिलेगी।
इस दौरान, उन्होंने राज्यसभा में भाषणों के दौरान ‘जय हिंद’ और ‘वंदे मातरम’ जैसे नारों पर रोक लगाने वाली एडवाइजरी पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि यह कोई राजनीतिक विषय नहीं है।
जयवीर सिंह ने कहा, "देशभक्ति गीतों या राष्ट्रगान के जरिए देश की भावना, देश के लिए प्यार या देश के प्रति सम्मान दिखाने वाले किसी भी व्यक्ति को कोई एतराज नहीं होना चाहिए। यह कोई राजनीतिक विषय नहीं है। यह विषय राष्ट्र धर्म से जुड़ा है। देश के प्रति सम्मान दिखाना हमारे देश के गर्व और गरिमा से जुड़ा है।"
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement