Udaipur: Land Records Inspector Caught Red-Handed Accepting 15,000 Bribe, Tehsildar Role Also Under Suspicion-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:20 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

उदयपुर : 15 हजार की रिश्वत लेते भू-अभिलेख निरीक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार, तहसीलदार की भूमिका भी संदिग्ध

khaskhabar.com: सोमवार, 30 मार्च 2026 8:17 PM (IST)
उदयपुर : 15 हजार की रिश्वत लेते भू-अभिलेख निरीक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार, तहसीलदार की भूमिका भी संदिग्ध
उदयपुर | भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की स्पेशल यूनिट, उदयपुर ने सोमवार को बड़ी कार्यवाही करते हुए वल्लभनगर तहसील के भू-अभिलेख निरीक्षक (RI) देवेन्द्र सिंह राणावत को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने परिवादी की कृषि भूमि के रिकॉर्ड में हुई त्रुटि को सुधारने के बदले इस राशि की मांग की थी। एसीबी मुख्यालय के निर्देशानुसार हुई इस कार्यवाही की जानकारी देते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने 13 फरवरी 2026 को एसीबी चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार : परिवादी की ग्राम राणाकुई (तहसील वल्लभनगर) में स्थित 5 बीघा कृषि भूमि रिकॉर्ड में गलती से 'बारानी तृतीय' के बजाय 'भवन' दर्ज हो गई थी।
इस त्रुटि सुधार (सेग्रिगेशन कार्यवाही) के लिए परिवादी ने तहसीलदार वल्लभनगर के समक्ष आवेदन किया था।
जांच के दौरान भू-अभिलेख निरीक्षक देवेन्द्र सिंह राणावत ने इस कार्य को करने और अपनी आर.पी.जी. आईडी से रिकॉर्ड ऑनलाइन अपडेट करने के एवज में 15,000 रुपये की मांग की।
एसीबी का जाल और गिरफ्तारी
एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव जोशी के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया गया। 13 और 23 फरवरी को हुई सत्यापन वार्ता में रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई।
आज सोमवार को पुलिस निरीक्षक लक्ष्मणलाल डांगी व उनकी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्यवाही को अंजाम दिया। जैसे ही देवेन्द्र सिंह राणावत ने परिवादी से रिश्वत की राशि ग्रहण की, एसीबी टीम ने उन्हें दबोच लिया।
तहसीलदार की भूमिका जांच के घेरे में
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के अनुसार, सत्यापन के दौरान आरोपी देवेन्द्र सिंह ने संकेत दिया था कि यह कार्य तहसीलदार (साहब) से करवाया जाना है। इस आधार पर तहसीलदार वल्लभनगर की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है।
एसीबी द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और तहसील कार्यालय के अन्य रिकॉर्ड्स की भी जांच की जा सकती है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement