Two Women Die from High-Tension Electrocution in Ghaziabad; 18-Year-Old Woman Critically Injured-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

गाजियाबाद में हाईटेंशन करंट से दो महिलाओं की मौत, 18 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल

khaskhabar.com: मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 3:44 PM (IST)
गाजियाबाद में हाईटेंशन करंट से दो महिलाओं की मौत, 18 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल
गाजियाबाद । गाजियाबाद जिले के नंदग्राम थाना क्षेत्र के भोवापुर गांव में मंगलवार सुबह हाईटेंशन बिजली की लाइन की चपेट में आने से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक 18 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। तीनों महिलाएं सुबह खेत में मूली लेने गई थीं। इसी दौरान खेत में टूटकर गिरे हाईटेंशन बिजली के तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, दोनों मृतक महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, भोवापुर गांव में मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे तीन महिलाएं खेत में मूली लेने पहुंची थीं। इसी दौरान खेत में जमीन पर टूटा पड़ा हाईटेंशन बिजली का तार उनके लिए काल बन गया। तार की चपेट में आने से तीनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय सत्यवती और 20 वर्षीय रूबी के रूप में हुई है। वहीं, 18 वर्षीय देवश्री गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका उपचार जारी है। मृतक महिलाओं के परिजनों के मुताबिक, उनका परिवार ठेके पर जमीन लेकर खेती करता है। मंगलवार सुबह महिलाएं खेत में मूली लेने के लिए गई थीं।
उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि खेत में टूटा पड़ा बिजली का तार उनकी जान के लिए खतरा बन सकता है। जैसे ही वे हाईटेंशन लाइन की चपेट में आईं, करंट लगने से तीनों बुरी तरह झुलस गईं। हादसे में दो महिलाओं की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि हाईटेंशन बिजली की लाइन का तार कब टूटा और वह खेत में कितनी देर से पड़ा हुआ था। यदि तार पहले से टूटा हुआ था, तो इसकी जानकारी संबंधित विभाग को क्यों नहीं मिली?
खेत में बिजली का तार टूटकर गिरने के बावजूद समय रहते उसे दुरुस्त क्यों नहीं किया गया? घटना की सूचना मिलने पर नंदग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतक महिलाओं के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, घायल युवती का अस्पताल में उपचार चल रहा है। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
भोवापुर गांव में हुए इस हादसे ने बिजली लाइनों के रखरखाव और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खेतों में काम करने वाले किसानों और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए बिजली के तारों की नियमित जांच और टूटे तारों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई बेहद जरूरी है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement