चिड़ावा। झुंझुनूं। कहने को शनिवार के दिन वार्ड नंबर छह में अजा आयोग के अध्यक्ष व स्थानीय विधायक सुंदरलाल ने एक नलकूप का लोकार्पण किया। लेकिन असल में सियासी नजरिए से देखा जाए तो ये केवल झूठ और अनुशासनहीनता का लोकार्पण किया गया था। सीधे शब्दों में आपको समझा दिया जाए तो वार्ड नंबर छह में शनिवार को हुए सुंदरलाल के आतिथ्य वाले कार्यक्रम में जहां अनुशासनहीनता दिखी। तो कार्यक्रम के बाद सोशल मीडिया पर चली खबर में सफेद झूठ। दरअसल अजा आयोग अध्यक्ष सुंदरलाल ने शनिवार को अपने लाडले पुत्र प्रधान कैलाश मेघवाल, चेयरमैन मधु शर्मा और पूर्व चेयरमैन सुभाष शर्मा के आतिथ्य में वार्ड नंबर छह में नलकूप का लोकार्पण किया। जिसके लिए बाकायदा कार्यक्रम हुआ और मंच पर बैनर भी लगाया। जिसमें साफ साफ लिखा था कि वार्ड नंबर छह में इस नलकूप निर्माण के लिए सुंदरलाल का आभार व अभिनंदन। अब बात कार्यक्रम की कर लेते हैं। इस कार्यक्रम में वार्ड नंबर छह के स्थानीय भाजपा पार्षद और भाजयुमो के नगर अध्यक्ष महेंद्र चेजारा को न्यौता तक नहीं दिया गया। जबकि उनके सामने निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले मनोहरलाल जांगिड़ को मंच संचालन की जिम्मेदारी दी गई। कार्यक्रम के बाद पूर्व चेयरमैन सुभाष शर्मा ने सोशल मीडिया पर वाहवाही लूटने के लिए खबर वायरल की। जिसमें उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर पांच और छह के बीच में नलकूप निर्माण करवाकर लोकार्पण किया गया। जबकि इस नलकूप का असल में वार्ड पांच से कोई लेना देना नहीं है। ऐसे में सुभाष शर्मा ने सफेद झूठ बोलते हुए दोनों वार्डों के लोगों से वाहवाही लूटने की कोशिश की है। सूत्रों की मानें तो पिछले दिनों जिले के प्रभारी मंत्री सुरेंद्रपालसिंह टीटी जब चिड़ावा के दौरे पर आए थे, तो उन्होंने जनसुनवाई की थी। उस वक्त वार्ड छह के भाजपा पार्षद महेंद्र चेजारा और नगर मंडल अध्यक्ष अनूप भगेरिया ने वार्ड छह की नायकान - मुस्लिम बस्ती में पानी की समस्या को रखा था। जिस पर टीटी ने वार्ड छह के लिए ये ट्यूबवैल स्वीकृत किया। लेकिन बाद में राजनैतिक रसूख और अपने चेहेतों को खुश करने के लिए इसे ऐसी जगह पर खुदवा दिया गया। जहां से महज 100-100 मीटर की दूरी पर ही एक - एक ट्यूबवैल पहले से मौजूद है। ऐसे में जिस पार्षद ने इस ट्यूबवैल के लिए प्रभारी मंत्री के आगे पीड़ा बयां की और उसे दरकिनार कर पहले तो ट्यूबवैल की जगह बदली गई और बाद में उनका खुद का स्थान ही बदल कर उनके सामने चुनाव लडने वाले निर्दलीय उम्मीदवारों को तवज्जो दिया जाना, चर्चा का विषय बन गया है।