khaskhabar.com: शुक्रवार, 12 अगस्त 2016 6:56 PM (IST)
चूरू। जिला मुख्यालय के स्टेडियम के पीछे स्थित बादशाह कॉलोनी के पास शुक्रवार को एक छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में पुलिस ने तीन ट्रक चालकों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार बादशाह कॉलोनी के बाहर ट्रकों का जमावड़ा लगा रहता है और इनके चालक यहां से निकलने वाली युवतियों और महिलाओं से छेड़छाड़ करते हैं। शुक्रवार को कोचिंग से घर लौट रही एक छात्रा के साथ एक ट्रक चालक अपने कपड़े उतारकर अश्लील हरकतें करने लगा। छात्रा ने घर पहुंचकर इसकी शिकायत की। इससे कॉलोनी के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। लोग इकट्ठे होकर घटनास्थल पर पहुंचे और वहां आरोपी ट्रक चालक को पकड़ लिया। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
बढ़ रही हैं छेड़छाड़ की घटनाएं
कॉलोनी की महिलाओं का आरोप है कि यहां ट्रकों का जमावड़ा लगा रहने से ट्रकों के चालक आए दिन महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ करते रहते हैं। पुलिस को कई बार शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। दिनदहाड़े इस तरह की हरकतों से महिलाओं और युवतियों में डर बना हुआ है। महिलाओं का यहां से निकलना दुश्वार हो रहा है। पहले भी इसी तरह ट्रक चालक अश्लील हरकतें करते रहे हैं, लेकिन पुलिस ने सख्ती नहीं बरती।